वर्कशॉप में प्रदर्शन करते रोडवेज के आउटसोर्सिंग कर्मचारी
उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन के आउटसोर्सिंग कर्मचारी इन दिनों अपने ही विभाग के शोषण का शिकार हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें तय वेतन में कटौती कर भुगतान किया जा रहा है। इसके विरोध में शनिवार को 40 से ज्यादा कर्मचारियों ने कानपुर विकास नगर स्थित वर्कशॉप में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान संदीप यादव ने कहा कि रोडवेज में कौशल विकास और आईटीआई पास आउट जितने भी छात्रों को आउटसोर्सिंग कार्य के लिए नौकरी मिली उन्हें उनके निर्धारित वेतन से भी कम का भुगतान किया जा रहा है।आकाश ने कहा कि मुख्यालय के अनुसार निर्धारित राशि दो सौ रुपये एक दिन के हिसाब से दी जाती है लेकिन उन्हें वेतन में इसमें भी कटौती करके भुगतान किया जा रहा है। रोडवेज विभाग जीने योग्य वेतन भी नहीं दे रहा है। वेतन में 18 प्रतिशत जीएसटी और 12 प्रतिशत फंड की कटौती की जाती है। फंड कटता है लेकिन उसकी रसीद नहीं दी जाती। वर्कशॉप में प्रदर्शन के दौरान 40 से ज्यादा रोडवेज आउटसोर्सिंग कर्मचारी मौजूद थे।