शिवराजपुर( बिल्हौर)। रविवार सुबह धमनी नवादा गांव के सामने जीटी रोड पर तेज रफ्तार मारुति वैन की सामने से आ रही विकास नगर डिपो की रोडवेज बस से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में वैन चालक व दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जीजा-साले गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीटों व गेट को काटकर सभी को बाहर निकाला और सीएचसी शिवराजपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर जीजा-साले को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए कानपुर भेज दिया।
एसओ शिवराजपुर अमित मिश्रा ने बताया कि कन्नौज जनपद के सौरिख थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव निवासी सुनीत उर्फ रिंकू (23) पुत्र गिरीश चंद्र वर्ष अपनी मारुति वैन में गांव की रामकली (39) पत्नी अजब सिंह, माया देवी (42) पत्नी मुन्नालाल, पूरनलाल (35) पुत्र रामप्रकाश के साथ रविवार सुबह बिठूर में दवा लेने के लिए निकले थे। बिल्हौर से पूरन ने अपने साले रामा पुत्र कन्हैया लाल निवासी गांव गौरी, बिल्हौर को भी साथ ले लिया। उत्तरीपुरा पार कर जैसे ही वैन धमनी नवादा गांव के सामने पहुंचे सभी कानपुर की तरफ से आ रही विकास नगर डिपो की रोडवेज बस से सीधी भिड़ंत हो गई। जिससे वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वैन में सवार चालक सुनीत उर्फ रिंकू, रामकली व माया देवी वर्ष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पूरनलाल व उसका साला रामा गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से वैन में फंसे लोगों को सीट व दरवाजे काटकर बाहर निकालकर आनन-फानन में सभी घायलों को सीएचसी शिवराजपुर में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कानपुर भेज दिया। वहीं चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर घायल जीजा-साले को जिला अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया।
एक्सीडेंट प्वाइंट बना धमनी नवादा गांव
शिवराजपुर (बिल्हौर)। धमनी नवादा गांव के सामने बस व वैन की टक्कर से एक साथ हुई तीन मौतों के बाद क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि दरिया नवादा गांव से लेकर धमनी नवादा गांव तक जीटी रोड पर मात्र 500 मीटर की दूरी पर अकसर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जिसके चलते अकसर लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। यह क्षेत्र एक्सीडेंट प्वाइंट बन गया है। स्थानीय लोगों ने जीटी रोड पर स्पीड ब्रेकर भी बनाने की मांग की है।
कुछ माह में जीटी रोड पर वाहनों की संख्या बढ़ी
बिल्हौर। कोरोना संक्रमण के कारण कानपुर-फर्रुखाबाद रेलरूट पर ट्रेनों का संचालन बंद होने के कारण जीटी रोड पर निजी वाहनों का भार एकाएक बीते कुछ माह में बहुत ज्यादा बढ़ गया है। इसके बाद भी जीटी रोड पर चौबेपुर, शिवराजपुर, उत्तरीपुरा, बिल्हौर और अरौल में अतिक्रमण और फुटपाथ की बेहतर व्यवस्थाओं सहित संकेतक न लगे होने आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। निजी वाहनों की जीटी रोड बड़ी संख्या में चलने से तहसील क्षेत्र के सभी कसबों में एनएच 91 पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।
रोडवेज बस के यात्रियों को नहीं आईं खरोंचें
बिल्हौर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के धमनी नवादा गांव में हुई दुर्घटना में वैन और रोडवेज बस में हुई टक्कर में जहां वैन सवार तीन लोगों की मौत हो गई वहीं बस यात्रियों के खरोंच तक नहीं आई। वहीं रविवार सुबह नौ बजे हुई घटना के बाद कार की हालत देख रोडवेज बस चालक मौके से गायब हो गया। फिर रोडवेज बस में सवार यात्री भी अन्य वाहनों से गंतव्य को रवाना हो गए। एसओ शिवराजपुर ने बताया कि दुर्घटना करने वाली बस को कब्जे में लेकर विकास नगर डिपो से उसके चालक परिचालक की खोजबीन कराई जा रही है।
जल्दबाजी और ओवरटेक के प्रयास में हुई दुर्घटना
बिल्हौर। शिवराजपुर एसओ अमित मिश्रा ने कहा कि अनुमान है कि वैन चालक ने जल्दबाजी में जीटी रोड पर धमनी नवादा गांव के सामने चल रहे वाहन को ओवरटेक का प्रयास किया होगा और तभी वैन सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई। क्योंकि हादसे में रोडवेज बस चालक की ओर का हिस्सा मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है जबकि वैन के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना के बाद जीटी रोड पर लगी वाहनों की कतारें
बिल्हौर। शिवराजपुर के धमनी नवादा गांव के सामने जीटी रोड पर रोडवेज और वैन कार की दुर्घटना के बाद जब तक स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचते तब तक सड़क पर दोनों से बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की कतारें लग गईं। एसओ शिवराजपुर, चौबेपुर और बिल्हौर के मौके पर पहुंचने पर सिपाहियों ने पहले दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कराया फिर बारी-बारी से दोनों ओर के वाहनों को पास कराया। इससे करीब 40 मिनट बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका।
हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम- फोटो : DEHAT
मृतका रामकली (फाइल फोटो)।- फोटो : CHIBRAMAU
मृतका मायादेवी (फाइल फोटो)। संवाद- फोटो : CHIBRAMAU
मृतक सुनीत उर्फ रिंकू (फाइल फोटो)। संवाद- फोटो : CHIBRAMAU
गांव में हादसे पर चर्चा करती महिलाएं। संवाद- फोटो : CHIBRAMAU
पिपरिया गांव में रोते-बिलखते परिजन। संवाद- फोटो : CHIBRAMAU