कानपुर। दीपोत्सव संपन्न होते ही नगर निगम ने हाटमिक्स प्लांट से सड़कों का निर्माण तेज कर दिया है। ठेकेदारों को तीन-चार दिन में सीसी रोड का कार्य भी शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। अगले माह तक सभी सड़कें बनाने का दावा है।
नगर निगम 15वें वित्त से मिले धन में 64 करोड़ रुपये से बंबा रोड, गोविंदनगर में चावला चौराहे से सीटीआई, हालसी रोड से कोपरगंज चौराहे तक कुलीबाजार रोड, कुलगांव मोड़ से काली माता मंदिर तक, लालपुर चौराहा से दलनपुर पुलिया तक, चकेरी हाईवे से मवइया गांव तक, छतमरा रोड में टिकटा मोड़ से उचटी गांव तक, परदेवनपुरवा, यशोदानगर में प्रताप होटल से नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए बजरंग चौराहा तक चौड़ीकरण सहित हाटमिक्स प्लांट से निर्माण, किदवईनगर थाने से जूही डिपो चौराहा आदि तक हाटमिक्स प्लांट से रोड सहित 122 सड़कों का निर्माण करा रहा है। इनमें से करीब 100 सड़कें हाटमिक्स प्लांट से बनवाई जा रही हैं, अन्य आरसीसी से बनेंगी।
नगर निगम के मुख्य अभियंता एसएफए जैदी ने बताया कि हाटमिक्स प्लांट से सड़कों का निर्माण तेज करा दिया है। तीन - चार दिन में आरएमसी प्लांट के माध्यम से बनने वाली सीसी सड़कों का भी निर्माण शुरू हो जाएगा। छठ पूजा के बाद इस कार्य में भी तेजी आएगी। सीसी रोड उन स्थलों में बनवाई जा रही हैं, जहां जलभराव होता है। ठेकेदारों को जल्द से जल्द सभी निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं।