कानपुर। कल्याणपुर थाने के पास स्थित सोमनाथ मंदिर तक सड़क बनाने के लिए शनिवार को महापौर प्रमिला पांडेय और विधायक नीलिमा कटियार ने शिलान्यास किया। सड़क के लिए चिह्नित स्थल से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। फिलहाल इस प्राचीन मंदिर तक जाने के लिए रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है।
देश में पहला सोमनाथ मंदिर गुजरात राज्य के गिर सोमनाथ जिले के वेरावल शहर के पास अरब सागर के तट पर स्थित है। यह मंदिर देश के पहले ज्योतिर्लिंग के रूप में जाना जाता है इसका उल्लेख ऋग्वेद में भी है। दूसरा सोमनाथ मंदिर कल्याणपुर थाने के पास स्थित है। नगर निगम 15वें वित्त आयोग की निधि से 31.80 लाख रुपये से पनकी-कल्याणपुर मुख्य मार्ग से इस मंदिर तक सड़क बनवा रहा है। सड़क करीब 500 मीटर लंबी और 20 फीट चौड़ी बनेगी।
कल्याणपुर कला निवासी भाजपा नेता अशोक सिंह दद्दा, सतीश चंद्र मिश्रा, सतीश चंद्र मिश्रा आदि ने बताया कि पहली बार कल्याणपुर-पनकी मुख्य मार्ग से मंदिर तक सड़क बन रही है। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के लिए महापौर को ज्ञापन दिया। आरोप लगाया कि मंदिर के पीछे स्थित प्राचीन तालाब को कुछ लोग पाटकर कब्जा कर रहे हैं। उस तालाब को साफ कराकर पुराना स्वरूप प्रदान किया जाए।