कानपुर। प्रयागराज हाईवे से यूपीएसआईडीसी का जोड़ने वाली दो लेन सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है। अभी तक पीडब्ल्यूडी जमीन नहीं खरीद पाया है। इस वजह से चौड़ीकरण के काम में देरी हो रही है। अब अधिकारियों का दावा है कि नवंबर में जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे।
उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडी) की ओर से चकेरी में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है। इस औद्योगिक क्षेत्र से कानपुर-प्रयागराज हाईवे तक पहुंचने के लिए अभी दो लेन की सड़क है। इसके अलावा यही रास्ता साढ़ स्थित डिफेंस कारिडोर को भी जोड़ता है। इसके चलते वाहनों का ज्यादा दबाव है। इस समस्या को खत्म करने के लिए पाली से चकेरी के बीच पीडब्ल्यूडी ने फोरलेन सड़क का प्रस्ताव भेजा था। यह मंजूर हो गया है। इसके चौड़ीकरण में चकेरी और छतमरा में 180 से ज्यादा लोगाें की जमीन खरीदी जानी है। अभी तक 25 फीसदी ही जमीनों का पीडब्ल्यूडी ने अधिग्रहण किया है जबकि अक्तूबर में इस प्रक्रिया को पूरा किया जाना था, लेकिन तय समय पर यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। अधिकारियों का तर्क है कि अक्तूबर में त्योहारों की छुट्टी के चलते जमीन की खरीद नहीं हो पाई है। अब नवंबर में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
छोटे उद्योगों को भी मिलेगा बढ़ावा
चौड़ीकरण के बाद सड़क के दोनों तरफ लोग छोटे उद्योग लगाकर अपना रोजगार कर सकते हैं। इससे उन्हें किसी दूसरी जगह रोजगार के लिए जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
80 फीसदी जमीन खरीद के बाद शुरू होगा काम
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार चकेरी-पाली हाईवे के चौड़ीकरण के लिए 80 फीसदी जमीनों क्रय होना जरूरी है। इसके बाद ही काम शुरू कराया जाएगा।
एक नजर प्रोजेक्ट पर
लागत: 150 करोड़
लंबाई: दो किमी
क्रय भूमि- दो हेक्टेयर
अभी तक क्रय हुई भूमि- 25 फीसदी
180 से ज्यादा लोगों की खरीदी जानी है भूमि
चकेरी-पाली के बीच सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है। भूमि क्रय चल रहा है। कई बार तो अपने निजी संसाधनों से भूमि मालिकों को रजिस्ट्री कार्यालय लेकर आते हैं। अब नवंबर में भूमि क्रय की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
-अनूप कुमार मिश्रा, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी