सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। कानपुर नगर की सीमा को जोड़ने के लिए बना रनियां-खलपना मार्ग की सड़क का एक हिस्सा लगातार बारिश के चलते पुलिया धंसने से रविवार को बह गया। अब करीब 12 गांवों के लोगों का आवागमन ठप हो गया है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत करीब 20 करोड़ की लागत से छह साल पूर्व रनियां-खनपना मार्ग की सड़क बनाई गई थी।
यह सड़क रनियां से होकर सरवनखेड़ा बाया लोहारी, मनेथु से खनपना होकर कानपुर नगर के कडरी गांव के बीच रिंद नदी में बने पुल पर जुड़ती है। खनपना गांव के किनारे जलनिकासी के लिए पुलिया बनाई गई। इधर कई दिन से हो रही लगातार बारिश से पानी के तेज बहाव के दबाव में पुलिया के मिट्टी में कटाव हो गया। इससे पहले सड़क धंसी और फिर करीब 25 फीट सड़क बह गई। इस सड़क की कुल लंबाई 18 किलोमीटर है। खनपना में सड़क पर बनी पुलिया से जलनिकासी होती है। लोगों का कहना है कि जलनिकासी के लिए डाले गए पाइपों की चौड़ाई कम है। तीन दिन तक लगातार बारिश से बहाव की गति तेज होने से दबाव के चलते करीब 25 फीट सड़क बह गई।
सड़क के बह जाने से कानपुर नगर के नौबस्ता, बर्रा और मर्दनपुर को जाने वाले क्षेत्र के सैंथा, लोहारी, रूपपुर, मोमिनपुर, जसवपुर सहित 12 गांवों के लोगों का आवागमन ठप गया है। वहीं खनपना गांव के लोग सरवनखेड़ा पहुंचने के लिए मनेथु से होकर जाने को विवश है। वीरेंद्र तोमर, बब्लू सिंह, हरी चरण सिंह, बउबा तिवारी ने बताया की सड़क बह जाने से लोगों का आवागमन ठप हो गया है। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता बुद्ध विलास ने बताया कि उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। एक्सईएन हेमंत कुमार ने बताया कि पानी के बहाव के चलते पुलिया धंसने और सड़क का कुछ हिस्सा बहने की जानकारी मिली है। मौके का निरीक्षण कराकर सड़क मरम्मत कराई जाएगी।