शिवली (कानपुर देहात)। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली 18 किमी लंबाई वाली शिवली-रूरा रोड के चौड़ीकरण की मंजूरी शासन ने दी है। मंगलवार की दोपहर मुख्यमंत्री आफिस के ट्विटर पर इसकी जानकारी दी गई। 35.85 करोड़ रुपये से सड़क दो लेन बनेगी। इससे जिला मुख्यालय माती तक का आवागमन सुगम होने के साथ शिवली होकर कानपुर तक आवाजाही आसान होगी।
रूरा-शिवली मार्ग पर आवागमन का भार अधिक है। निजी बसें इस रूट पर संचालित हैं जोकि शिवली, रूरा होकर झींझक व रसूलाबाद आती जाती हैं। पिछले वर्ष फरवरी में इस सड़क को चौड़ा कराने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दी है। मंगलवार को दोपहर 2.35 बजे पर मुख्यमंत्री आफिस से ट्विटर पर जानकारी दी गई। ट्विटर हैंडल पर ट्वीट से खुशखबरी पाकर क्षेत्र के लोग बेहद खुश हैं। सड़क पर गड्ढे और कटे किनारों से हो रहे हादसों की खबरें अमर उजाला ने कई बार प्रमुखता से प्रकाशित की। ग्रामीणों की इस समस्या को कई बार प्रमुखता से प्रकाशित कर अफसरों का ध्यान खींचा। फरवरी में यातायात भार का सर्वे शुरू कराया गया। सर्वे में दोहरी करण के मानक का भार मिला।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भगवान दास ने बताया कि इस मार्ग पर यातायात भार अधिक है। सिंगल रोड होने से दिक्कत थी। रसूलाबाद व शिवली क्षेत्र के लोग माती मुख्यालय इसी रास्ते से आते जाते हैं। शासन की मंजूरी मिली है। टेंडर प्रक्रिया कराकर जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि शिवली-रूरा मार्ग की खराब सड़क के चौड़ीकरण की मंजूरी के लिए 3 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर पत्र सौंपा था। मुख्यमंत्री ने उनकी निवेदन को स्वीकार कर क्षेत्र की जनता के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
इन गांवों के लोगों को मिलेगा फायदा
शिवली। रूरा-शिवली रोड के शिवली, हरदिया नाला, केशरीनिविदा, देवीपुर, कडऱी, गहलो, काशीपुर, कारी, लमहारा, अरशदपुर आदि एक सैकड़ा गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।