पुखरायां (कानपुर देहात)। पटेल चौक के निकट हाईवे पर गुरुवार को एक अनियंत्रित डंपर पिता-पुत्र सवार स्कूटी पर पलट गया। डंपर के नीचे दबकर मासूम की मौत हो गई। पिता मामूली रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्कूटी सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
थाना डेरापुर के जगदीशपुर निवासी राज कुमार फौज में कार्यरत हैं। पटेल चौक के निकट परिवार समेत रहते हैं। गुरुवार की सुबह वह पुत्र सार्थक (5) को स्कूटी से पटेल चौक के निकट स्थित संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल छोड़ने जा रहे थे। स्कूल के पास ही झांसी से कानपुर की ओर डस्ट लादकर जा रहे डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे वह दूर जा गिरे। इसके बाद सार्थक और स्कूटी पर डंपर पलट गया।
पुलिस ने क्रेन को बुलवाकर सार्थक को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी पुखरायां लाया गया। वहां पर डाक्टरों ने सार्थक को मृत घोषित कर दिया। डंपर का चालक और खलासी मौके से भाग गए। कोतवाल भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। नाना राम बाबू ने बताया कि सार्थक संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल में कक्षा एलकेजी का छात्र था।