आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर भीषण सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां सड़क किनारे खड़ी पिकअप में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक चालक ने भागने के प्रयास में तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह घटना कन्नौज जिले में तालग्राम के मछैइया गांव के पास की है। घटना में घायलों को पुलिस व यूपीडा गस्ती दल ने मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया है। गुरसहायगंज पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
लखनऊ मलिहाबाद हटोली निवासी पिकअप चालक शिव प्रताप कुमार मौर्या (28) पुत्र रामचंद्र मौर्या रविवार की सुबह छह बजे के करीब इटावा वाड़पुर उदीमोड़ निवासी अशोक कुमार (32) पुत्र शिवराम सिंह आम व्यापारी का आम लादकर इटावा जा रहे थे। साथ में लखनऊ महिलाबाद निवासी सदाम (28) पुत्र वारिश भी था।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 176 किलोमीटर थाना तालग्राम गुरसहायगंज सीमा पर मछैइया गांव के समीप पिकअप खराब हो गई। एलो लेन पर खड़ी कर गाड़ी को चेक कर रहे थे। तभी बिहार से मक्का लादकर राजस्थान जा रहा टेलर ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी और तीन लोगों को कुचल दिया।
भागने के प्रयास में डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में सदाम की मौके पर मौत हो गई। जबकि आशोक कुमार ने मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही दम तोड़ दिया। पिकअप चालक शिव प्रताप व ट्रक का खलासी राजस्थान अलवर समोला निवासी शादिक (26) भी घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे एसएसआई सोबरन सिंह, दरोगा दुर्गाबक्स सिंह ने यूपीडा टीम के साथ एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा और परिजनो को सूचना दी। दो थानो के सीमा विवाद के बाद गुरसहायगंज के दरोगा आशुतोष यादव ने शवो का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।