आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को सड़क हादसा हुआ। यहां ड्राइवर को झपकी आने से कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बेटे की मौत हो गई जबकि मां समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मां की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह घटना कन्नौज जिले के सौरिख की है। यहां लखनऊ के गोमती नगर नेहरू एंड किला निवासी इमामका मिश्रा (45) पत्नी स्व. वीएम मिश्रा अपने बेटे अंबुज मिश्रा (22) के साथ कार से लखनऊ से दिल्ली जा रही थी।
कार को एटा जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र के कसूलिया निवासी मोहनलाल चला रहा था। बता दें कि इमामका मिश्रा की बेटी अभी मिश्रा चेन्नई से दिल्ली आई हुई थी। कार सवार लोग उन्हीं से मिलने जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सौरिख के पास 146 प्वाइंट पर पहुंचते ही मोहनलाल को नींद आ गई। झपकी आते ही कार डिवाइडर से टकराई और डिवाइडर को तोड़कर दूसरी साइड पर पलट गई।
हादसे में तीनों लोग जख्मी हो गए। सूचना पाकर यूपीडा के कर्मचारियों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां पर अंबुज मिश्रा को मृत घोषित कर दिया गया। इमामका मिश्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। मोहनलाल की हालत में सुधार है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। साथ ही शव को मोर्चरी में रख दिया गया है।