दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक कार टायर फटने से मंगलवार सुबह करीब सात बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पलट गई। पीछे से आ रही दो कारें एक-एक कर कुछ अंतराल के बाद क्षतिग्रस्त कार से टकराकर पलट गईं। हादसे में 14 लोग घायल और चुटहिल हुए हैं।
पुलिस और यूपीडा गश्ती दल ने एम्बुलेंस से गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को मेडिकल कॉलेज भेजा। शेष घायलों का मौके पर प्राथमिक उपचार किया गया। नई दिल्ली साकेत नगर निवासी विनोद कुमार (48) पुत्र देव, अपनी पत्नी श्रुति (45), बेटी ममता (20) रामकोला निवासी रिश्तेदार कलानाथ (52), अनन्या (3) के साथ कार से गोरखपुर जा रहे थे।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर थाना तालग्राम के गोवा गांव के पास पहुंचते ही टायर फट जाने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें पांचों लोग घायल हो गए। उसी समय पीछे से आ रहे जिला शामली कोतवाली शामली गांव लिलोन निवासी अजय (28) पुत्र सोराज सिंह की कार भी क्षतिग्रस्त कार से टकराकर पलट गई।
कार में उनके साथ मनोज (55) पुत्र हरिपाल, अंश (32) पुत्र मनोज, यशपाल (45) पुत्र चंदगीराम, और नरेशचंद्र (43) पुत्र खजांन सिंह भी थे। इसके बाद जिला रायबरेली कोतवाली मोहल्ला कैलाशपुरी निवासी पुष्पेंद्र कुमार (40) शत्रुघ्न सिंह की कार भी जा टकराई। कार को शुभ (32) चला रहे थे।
साथ में अर्चना (32) और प्रिया (30) भी थीं। यूपी 112 पुलिस के जयप्रकाश, और यूपीडा सहायक सुरक्षा अधिकारी कृपाल सिंह ने गंभीर रूप से घायल विनोद, स्वाती, ममता, कलानाथ, अनन्या को मेडिकल कॉलेज भेजा। हालत गंभीर होने पर यहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। शेष जो लोग चुटहिल और घायल हुए उन्हें मौके पर उपचार के बाद वापस भेज दिया गया। तीनों कारों को क्रेन की मदद से टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया गया है।