अरौल थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर आंकिन गांव के पास जीपीआरडी एजूकेशन सेंटर स्कूल की वैन लोडर की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। ट्रक में लगे लोहे के हुक से फंसकर वैन की छत उखड़ गई और अंदर बैठे सभी 11 बच्चे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चालक व 10 बच्चों को गंभीर चोट आई है। गुरुवार दोपहर को छुट्टी होने के बाद बच्चे वैन से घर जा रहे थे। इस स्कूल का संचालन कौशांबी जिले के सिराथू सीट से सपा विधायक पल्लवी पटेल करती हैं।
सीएम योगी ने जताया शोक
इस हादसे पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। मुख्य मंत्री ने एक्स पर पोस्ट साझा किया। उन्होंने कानपुर में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। सीएम ने बच्चों के जल्द स्वास्थ होने की कामना की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को उपचार के निर्देश दिए हैं।
आंकिन गांव में सपा विधायक व अपना दल कमेरावादी की नेता पल्लवी पटेल का स्कूल है। उनके स्कूल से जुड़ी वैन का चालक छुट्टी होने के बाद आंकिन और वरैइनपुरवा गांव के 11 बच्चों को लेकर छोड़ने जा रहा था। वैन इसी क्षेत्र के हलपुरा गांव निवासी हरिओम कटियार चला रहा था। स्कूल गेट से निकलते ही वैन जीटी रोड हाईवे पर सरैयां गांव के पास पहुंची। इसी दौरान लोडर ने ओवरटेक करने के प्रयास में वैन को टक्कर मार दी।
इससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वैन बराबर में चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। इसके बाद बच्चे सड़क पर आ गिरे। बच्चों को देख राहगीर और आसपास के लोग दौड़े और उन्हें सड़क के किनारे किया। इस बीच एसीपी बिल्हौर, अरौल थाना प्रभारी दलबल के साथ पहुंचे और घायलों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने कक्षा सात के छात्र यश तिवारी (13) पुत्र आलोक तिवारी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, कक्षा आठ की छात्रा समृद्धि द्विवेदी, कक्षा चार के अंकित द्विवेदी, निष्ठा दीक्षित, कृतिका (6), सूर्यांश तिवारी, अभिनंदन (12), अनिका (5), एश्वर्य, वरैइनपुरवा गांव के देवांश (7) का उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद समृद्धि व अंकित को घर भेज दिया। सूर्यांश, कृतिका, अंकिता, दिव्यांस, अभिनंदन को हैलट रेफर कर दिया। वहीं कुछ घायलों को परिजनों ने कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों में पांच की हालत नाजुक बताई गई है।
थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि लोडर चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। वैन चालक के अलावा लोडर चालक कानपुर देहात के सिकंदरा उसरान निवासी ऋषि कटियार को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ट्रक भी मौके पर खड़ा है। ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
माता-पिता का इकलौता बेटा था यश
हादसे में मृत यश तिवारी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर सुनते ही अरौल के एक डिग्री कॉलेज में काम करने वाले पिता आलोक तिवारी, मां अलका और बहन श्रष्टि दहाड़े मारकर रो पड़ी।
दुर्घटना की जांच करेगा तीन अफसरों का पैनल
जिलाधिकारी राकेश कुमार ने घटना की जांच के लिए तीन अफसरों की कमेटी बना दी है। बीएसए सुरजीत कुमार, एसडीएम बिल्हौर और एआरटीओ प्रवर्तन को इसमें शामिल किया गया है। टीम हादसे के कारणों का पता करेगी।