कन्नौज जिले के समधन में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ गई। हादसे में बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
समधन नगर के मोहल्ला अल्लामा इकबाल नगर निवासी मोहम्मद निहाल (18) पुत्र वसीम खां पड़ोसी आसिफ हुसैन (28) पुत्र हबीब हुसैन और शोएब खां (12) पुत्र शमसुल खां निवासी गर्दाबाद के साथ फर्रुखाबाद के थाना कमालगंज के गांव गौसपुर रिश्तेदारी में जा रहा था।
फर्रुखाबाद मार्ग पर सुबह करीब 10 बजे भारत गैस एजेंसी के पास एक चालक ट्रैक्टर ट्राली बैक कर रहा था। तेज रफ्तार बाइक होने से निहाल ने नियंत्रण खो दिया। बाइक ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ गई। हादसे में तीनों घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते समय शोएब ने दम तोड़ दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है।