शिल्पी की फाइल फोटो, जिला अस्पताल में बिलखते मृतकों के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई में देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरदोई-पिहानी मार्ग पर ग्राम पोखरी के निकट बुधवार शाम ट्राली को ओवरटेक कर रहे ट्रक से बचने के चक्कर में बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे फुटपाथ पर चला गया।
हादसे में सड़क किनारे गिरीं बाइक सवार सास-बहू को ट्रक ने कुचल दिया। दोनों की मौत हो गई। देहात कोतवाल रंधा सिंह का कहना है कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चकचंदेली निवासी विवेक (18) अपनी मां उर्मिला (60) पत्नी ब्रजलाल और भाभी शिल्पी (22) पत्नी करुणेश के साथ बाइक से ननिहाल टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम तेजापुरवा जा रहा था।
बुधवार शाम पांच बजे हरदोई-पिहानी मार्ग पर ग्राम पोखरी के निकट हरदोई से पिहानी की तरफ जा रहे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक किया। तेज रफ्तार ट्रक से बचने में विवेक ने बाइक फुटपाथ पर उतार दी।
संतुलन बिगड़ने से बाइक पर बैठीं उर्मिला और शिल्पी सड़क पर जा गिरीं। ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर यूपी 100 टीम मौके पर पहुंची और उर्मिला व शिल्पी को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उर्मिला और शिल्पी को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार विवेक हेलमेट लगाए था। उसके कोई चोट नहीं आई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
आठ दिन पहले हुई थी शिल्पी की शादी
हादसे में जान गंवाने वाली शिल्पी का मायका टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम जजनाई में है। पांच नवंबर को ही शिल्पी की शादी करुणेश के साथ हुई थी। करुणेश लुधियाना में एक फैक्टरी में काम करता है और शादी में ही वहां से आया था।
शिल्पी भी शादी के बाद चौथी की विदा हो जाने के बाद दो दिन पहले ससुराल आ गई थी। बुधवार को उसे पति के ननिहाल वालों से मिलवाने के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया।