बेकाबू होकर खाई में पलटी टेंपो
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद के जहानगंज रोड पर बुधवार को नवादा तिराहे के पास एक टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। उसमें सवार लगभग 10 यात्री घायल हो गए। चालक मौका देख फरार हो गया। घायलों ने निजी व सरकारी अस्पताल में इलाज कराया।
जहानगंज से कमालगंज आ रहा टेंपो नवादा तिराहे के पास अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। टेंपो में सवार 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। टेंपो में सवार थाना क्षेत्र के गांव मधवापुर निवासी रीना पत्नी स्वदेश सिंह अपने पिता राजू के साथ कानपुर देहात के झींझक स्थित अपने मायके जा रहीं थी।
दोनों को ग्रामीणों ने एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। अन्य आठ घायल यात्री दूसरे टेंपो से निजी अस्पताल में चले गए। घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि जहानगंज से टेंपो तेजी से आ रहा था तभी नवादा मोड़ पर अचानक दूसरा टेंपो आ गया। उसी को बचाने के चक्कर मे टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।