इटावा जिले के जसवंतनगर में मलाजनी गांव के पास हाईवे टू पर बुधवार शाम एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल बाइक सवार पिता की रात में मौत हो गई। उनका घायल बेटा जिला अस्पताल में भर्ती है। हादसे में क्षतिग्रस्त कार को पुलिस ने कब्जे में लिया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
थाना क्षेत्र के कटेखेड़ा सरायभूपत गांव निवासी होतीलाल उर्फ भूरे (50) पुत्र हाकिम सिंह और उनका बेटा सिंटू उर्फ कन्हैया (22) बुधवार शाम करीब 6 बजे बाइक से जसवंतनगर कस्बे के बाजार से घर लौट रहे थे। हेलमेट लगाए बगैर होतीलाल बाइक चला रहे थे।
सरायभूपत रेलवे फाटक से पहले हाईवे टू पर बने एक कट से मुड़ते समय जसवंतनगर की ओर से आई एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज लगी कि पिता-पुत्र बाइक समेत करीब 50 मीटर दूर जाकर गिरे।
होतीलाल का पैर टूटने के साथ दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक में टक्कर मारने के बाद कार भी डिवाइडर की दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि चालक भाग गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया।
थाना के उप निरीक्षक भानुसिंह और अनुज कुमार ने मौके से घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां होतीलाल की गंभीर हालत को देखते हुए सैफई रेफर किया गया। परिजन उन्हें बुधवार रात करीब 10 बजे आगरा लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।