सोनी लाइव पर आने वाले ‘सुपर डांसर चैप्टर-2’ के टॉप-10 में बनाई जगह
कानपुर नौबस्ता के इमलीपुर गांव में रहने वाला 10 साल का ऋतिक दिवाकर अपने डांस के बलबूते पूरे देश में छा गया है। अभावों में पले बढ़े ऋतिक ने अपनी मेहनत और लगन से सोनी लाइव पर आ रहे ‘सुपर डांसर चैप्टर-2’ में टॉप-10 में जगह बनाई है। अभिनेत्री व जज शिल्पा शेट्टी और फिल्म डायरेक्टर अनुराग बासु की वाहवाही लूट चुका ऋतिक अब मशहूर कोरियोग्राफर गीता मां के ग्रुप में शामिल होकर मुंबई में डांस की बारीकियां सीख रहा है। इसके बाद टॉप-2 डांसरों के बीच ग्रैंड फिनाले होगा। इस शो का प्रसारण 30 सितंबर से हर शनिवार और रविवार को रात आठ बजे सोनी लाइव पर हो रहा है।
ऋतिक के पिता गौरीशंकर विकलांग हैं और मां प्राइवेट नौकरी कर परिवार का खर्च चलाती हैं। ऋतिक के कोरियोग्राफर श्री विनायक डांस एकेडमी के योगेश कुशवाहा ने बताया कि डांस में रुचि होेने के कारण ऋतिक बचपन से ही स्टेज शो कर रहा है। एक बार वॉटर पार्क में उसका डांस देखकर उसे अपने यहां नि:शुल्क ट्रेनिंग देने का फैसला लिया। तब से वह यहीं ट्रेनिंग ले रहा है। उसने कई डांस प्रतियोगिताओं में हिस्सा भी लिया। जिले और प्रदेश स्तर की कई प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज की। ऋतिक ने पिछले साल भी सुपर डांसर चैप्टर वन का ऑडिशन दिया था। तब गीता मां ने अच्छी तैयारी करके आने को कहा था। उसकी कामयाबी पर डांस इंस्टीट्यूट के सुकन्या शर्मा, विशाल ने बधाई दी है।
प्रोफाइल
नाम- ऋितिक दिवाकर
जन्मतिथि- 8-10-2007
पिता- गौरी शंकर
ड्रामा कंपनी में भी लिया भाग
सुपर डांस में शानदार प्रदर्शन करने वाले पांच बच्चों को ड्रामा कंपनी के सेट पर ले जाया गया। इसमें ऋतिक भी शामिल था। इस कॉमेडी शो में जज की भूमिका में मिथुन चक्रवर्ती हैं।
हिपहॉप डांस की कर रहा तैयारी
ऋतिक के कोरियोग्राफर योगेश कुशवाहा ने बताया कि सुपर डांसर चैप्टर-2 के बाद उसे इंटरनेशनल डांस प्रतियोगिता ‘हिपहॉप’ के लिए तैयार किया जाएगा। यह प्रतियोगिता अमेरिका में होती है। इसके ऑडिशन दिल्ली, मुंबई में होते हैं।