औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र के एक गांव का युवक हिमाचल प्रदेश से एक किशोरी को बहला फुसलाकर ले लाया और हाईवे पर छोड़कर फरार हो गया। रात के अंधेरे में कुछ मनचले किशोरी को अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। तभी वहां से गुजर रहे कस्बे के दो युवकों ने किशोरी को बचाया और पूछताछ कर पुलिस को सूचना दी।
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर तहसील अमरापुर के पुलिस स्टेशन गुमारमी क्षेत्र के पुनाउल गांव निवासी 16 साल की किशोरी 19 नवंबर 2017 को घर से गायब हो गई थी। उसके पिता ने वहां के थाना गुमारमी में पुत्री के गुमशुदा होने की सूचना दी थी। 30 नवंबर की शाम अजीतमल क्षेत्र के बिजलीघर के पास हाईवे पर तीन बाइकों व एक वैन पर सवार करीब एक दर्जन मनचले युवक किशोरी से छेड़छाड़ कर रहे थे।
उसी वक्त बाइक से गुजर रहे अजीतमल कस्बे के मोहल्ला आर्यनगर निवासी अभिलाख सिंह पुत्र भगवान सिंह व मोहल्ला सूर्यनगर निवासी आदर्श सेंगर पुत्र अजय सिंह ने किसी तरह से लड़की को उन मनचलों से बचाया व घर ले आए। जहां परिजनों के सामने लड़की ने अपनी आपबीती सुनाई। परिजनों ने लड़की के पिता को मोबाइल द्वारा सूचना दी तथा अजीतमल कोतवाली पुलिस को भी सूचना दी।
सोमवार को हिमाचल पुलिस के पुलिस स्टेशन गुमारमी के एसआई बलवीर सिंह, दिनेश चंद्र व अनीता कुमारी की पुलिस टीम लड़की के पिता को लेकर अजीतमल कोतवाली पहुंचे और लड़की को अपने कब्जे में लिया। किशोरी ने बताया कि दिल्ली में काम करने वाला एक युवक उसे यहां भगा कर लाया था। उसने अपना गांव चिटकापुर थाना अजीतमल औरैया बताया था। उसी के साथ वह अजीतमल तक आई है। जहां वह उसे छोड़कर चला गया। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बरामद की गई लड़की हिमाचल पुलिस को सौंप दी गई है। लड़की ने जो नाम बताया है जांच में दोषी पाया गया तो कार्रवाई होगी।