कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। हरिद्वार और नरौरा बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद कानपुर बैराज पर गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन ने इसे देखते हुए बाढ़ की आशंका वाले सभी संवेदनशील इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है।
बुधवार रात आठ बजे तक कानपुर बैराज पर डाउनस्ट्रीम जलस्तर 113.420 मीटर और अपस्ट्रीम 113.570 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से फिलहाल 2,91,413 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, गंगा का चेतावनी स्तर 114 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 115 मीटर पर है।
गंगा का जलस्तर बढ़ा
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस कमिश्नर ने लिया जायजा
शुक्लागंज में भी जलस्तर 112.180 मीटर दर्ज हुआ है, जहां 113 मीटर पर चेतावनी जारी की जाती है। बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने बुधवार को नाव के जरिए गंगा घाटों का दौरा किया। उन्होंने घाटों की वर्तमान स्थिति और सुरक्षा के इंतजामों को परखा। इस दौरान नदी किनारे तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
गंगा का बढ़ा जलस्तर
- फोटो : amar ujala
बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में टीमें कर रही हैं भ्रमण
प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में बैराजों से छोड़े गए पानी का असर गंगा के जलस्तर पर साफ दिखाई देगा, जिसके चलते स्थिति और गंभीर हो सकती है। बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं और नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। आपात स्थिति के लिए प्रशासन ने राहत और बचाव दल को पहले से ही मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है।