कानपुर। निलंबित डिप्टी एसपी ऋषिकांत शुक्ला और जेल में बंद अधिवक्ता अखिलेश दुबे के तीन शागिर्दों पर कमिश्नरी पुलिस जल्द ही इनाम घोषित करेगी। तीनों के खिलाफ रिटायर्ड इंस्पेक्टर भगवती प्रसाद मिश्रा से प्लॉट के नाम पर 50.50 लाख रुपये की ठगी करने में किदवईनगर थाने में जनवरी 2025 में एफआईआर हुई थी। तीनों के खिलाफ जून में अपर सिविल जज (सी. डि.) कक्ष संख्या छह की कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हो चुका है। गुरुवार को रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार से न्याय की गुहार लगाई जिस पर उन्होंने जांच के निर्देश दिए हैं।
किदवईनगर एन ब्लॉक निवासी भगवती प्रसाद मिश्रा मूलरूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं। उन्होंने 22 जनवरी 2025 को किदवईनगर थाने में जौनपुर के सिकरारा क्षेत्र के दिलीप राय बलवानी, उसकी पत्नी रीता राय और भाई सुरजीत कुमार बलवानी पर धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उरई में तैनाती के दौरान 2018 में उनकी मुलाकात दिलीप राय बलवानी से हुई थी। उसने उन्हें किदवईनगर और गोविंदनगर में फ्लैट व प्लाॅट की जानकारी दी। इसकी कीमत 1.40 करोड़ रुपये बताई। उन्होंने 50.50 लाख रुपये दे दिए। आरोपियों ने रुपये लेकर भी रजिस्ट्री नहीं की। रुपये मांगने पर उनको धमकी दी। रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने गुरुवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी न होने की जानकारी दी। कहा कि दिलीप राय बलवानी निलंबित डिप्टी एसपी ऋषिकांत शुक्ला और अखिलेश दुबे का शागिर्द है। उसकी अक्सर ऋषिकांत शुक्ला से बातचीत होती थी। उसके मोबाइल पर कॉल आया करती थी। उसने अखिलेश दुबे का नाम भी बताया था।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने किदवईनगर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के साथ इनाम घोषित करने का आश्वासन दिया।
-
दिलीप पर दर्ज हैं 16 एफआईआर
दिलीप पर लखनऊ, उरई, जौनपुर, कानपुर में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करना, धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। पत्नी के खिलाफ लखनऊ, जालौन, कानपुर में पांच और भाई पर लखनऊ व कानपुर में एफआईआर हो चुकी है।
रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने दिलीप राय बलवानी पर अखिलेश दुबे और ऋषिकांत शुक्ला का शागिर्द होने का आरोप लगाया है। इसकी जांच कराई जाएगी। नामजद आरोपी एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद से फरार हैं। उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के साथ इनाम घोषित किया जाएगा।
- आशुतोष कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून व्यवस्था