अगवा हुए दूल्हे के साथ गिरफ्तार हुई रिवॉल्वर रानी
गन प्वाइंट पर दूल्हे का अपहरण करने वाली ‘रिवॉल्वर रानी’ वर्षा सैनी के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। गुरुवार की दोपहर बांदा से दूल्हा अशोक यादव और वर्षा का दोस्त राहुल पकड़ लिया गया है। अशोक यादव पुलिस और मीडिया के सामने कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है मीडिया के माइक और कैमरे देखकर अशोक बार-बार बेहोश हो जा रहा था।
‘मैं अशोक को पिछले आठ सालों से जानती हूं। हम दोनों के बीच संबंध हैं। मैं गन-वन लेकर मंडप नहीं गई। अशोक अपने मन से मेरे साथ आया। उसकी शादी बे-मन की जा रही थी। अशोक को लाकर उसी दिन कोर्ट मैरिज कर लेते, पर कागजात तैयार नहीं थे’। यह बातें पुलिस के सामने बांदा शहर के छोटी बाजार मोहल्ले की निवासी वर्षा ने कही।
पूछताछ में उसने साफ किया कि मौदहा पुलिस दूसरी जगह शादी करते समय कथित तौर से रिवाल्वर की नोंक पर मंडप से उठा लाने का गलत आरोप लगा रही है। पुलिस ने उसकी एक सहेली और सहयोगी युवक को भी हिरासत में लिया। उसने पुलिस को बताया कि अशोक ने उसे अपने भाई की शादी होने की बात कही थी। शक होने पर उसने अशोक के दोस्त राहुल को फोन किया। इसके बाद उसे साथ लेकर बाइक से शादी समारोह में गई तो वहां पता चला कि अशोक खुद दुल्हा है। वह कार में बैठा था।
उसने दरवाजा खटखटाया तो सामने देखते ही अशोक के होश उड़ गए। उसने अशोक से कहा कि यदि वह दूसरी शादी करेगा तो जान दे देगी। इस पर अशोक तैयार हो गया और दोनों कार से ही निकल लिए। वर्षा ने यह भी बताया कि अशोक का मौदहा में शादी करने का इरादा नहीं था, लेकिन परिवार वालों के दबाव में कर रहा था।
दुल्हन के परिजानों को भी अशोक की कहानी नहीं पता थी। वर्षा ने बताया कि असलहा लेकर जाने की बातें झूठी हैं। शादी समारोह से दोनों बांदा आए। वे दोनों कोर्ट मैरिज करना चाहते थे, लेकिन कागजात नहीं थे, इसलिए नहीं कर पाए। इसके बाद अशोक को छोड़ दिया। वह कहां गया, यह नहीं पता।