भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम को जनता में शामिल ‘छोटी मानसिकता वाले कुछ लोग’ ही पलीता लगाने में लगी है। पीएम नरेंद्र मोदी हों या फिल्म एक्ट्रेस विद्या बालन सभी सोच बदलकर शौचालय खोलने की अपील लोगों से कर रहे हैं लेकिन इस देश में ही ऐसे लोग रह रहे हैं जिनके विचार और कार्य सरकारी कार्यक्रमों का मजाक उड़ा रहे हैं। ऐसी ही एक तस्वीर सामने आई है यूपी के उन्नाव जिले में। यहां के बांगरमऊ इलाके के हैबतपुर गांव में शौचालय के अंदर परचून की दुकान खुली मिली। गांववाले अपनी जरूरतों के हिसाब से शौचालय की जगह का इस्तेमाल कर रहे हैं लेकिन खेतों में जाकर शौच करने की उनकी आदत बदल ही नहीं पा रही है।
पढ़ें ये पूरी ग्राउंड रिपोर्ट...
प्रदेश को खुले में शौचमुक्त बनाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार तमाम प्रयास कर रही है। इसके लिए लक्ष्य तय कर भारी भरकम बजट आवंटित हो रहा है। अभियान की लगातार आला अधिकारियों द्वारा निगरानी की जा रही है। लेकिन जन सहभागिता की कमी से अभियान के सफल होने पर तमाम तरह की आशंका जताई जाने लगी है। इस अभियान की जमीनी हकीकत बांगरमऊ तहसील के हैबतपुर गांव में देखी जा सकती है। जहां इस योजना के एक लाभार्थी ने घर में बने शौचालय में ही किराने की दुकान खोल दी है।
वैसे अकेले इसी गांव में शौचालय का इस्तेमाल कुछ इस अंदाज में हो रहा है, ऐसा भी नहीं है। कई गांवों में ग्रामीण शौचालय का इस्तेमाल भूसा रखने के लिए किया जा रहा है। जबकि कई ग्रामीण अपनी जरूरत के हिसाब से कर रहे है। इसके इतर प्रशासन जिले की 1044 ग्राम पंचायतों में से 77 को ओडीएफ होने का दावा कर रहा है।
बांगरमऊ तहसील के ग्राम हैबतपुर में कुल 200 परिवार रहते हैं । इनमें 175 परिवारों के लिए शौचालय बनाए जा चुके हैं। ब्लाक स्तरीय अधिकारियों का दावा है कि आधे से ज्यादा परिवार खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। गांव में अन्य लाभार्थियों की तरह ही देशराज के घर के बाहर भी शौचालाय बनाया गया है। परिवार में आठ सदस्य हैं लेकिन परिवार शौचालय का इस्तेमाल नहीं करता।
देशराज ने शौचालय में परचून की दुकान खोल रखी है। हालांकि देशराज का कहना है कि जबतक शौचालय की रंगाई-पुताई पूरी नहीं हो जाती तभी तक दुकान का सामान रखे है। उधर शौचालय में खुली दुकान चर्चा का विषय बनी है। ग्राम प्रधान विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि गांव में शौचालयों का निर्माण कार्य चल रहा है। साथ ही लोगों को खुले में शौच न जाने को लेकर जागरूक भी किया जा रहा है। डीपीआरओ राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि स्वच्छता के लिए पूरे जिले में अभियान चलाया जा रहा है और लोग स्वच्छता को लेकर जागरूक भी हो रहे हैं।