कानपुर। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) एग्जाम 2015 का फाइनल रिजल्ट गुरुवार को घोषित कर दिया। शहर से तैयारी करने वाले 90 मेधावियों को सेलेक्शन मिला है। उत्कर्ष एकेडमी स्वरूप नगर के 41 स्टूडेंटों ने सफलता पाई है। पिछले साल शहर से सिर्फ 18 अभ्यर्थियों का सेलेक्शन हुआ था। सीजीएल से जो भी भर्ती होती है, वह समूह ‘ख’ गैर राजपत्रित अधिकारी की श्रेणी में आती है। केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों में तैनाती मिलती है। सामान्य वेतनमान प्रतिमाह 46,000 रुपये के आसपास होता है।
सीजीएल के इंटरव्यू फरवरी से मई 2016 के बीच हुए थे और गुरुवार को रिजल्ट आया है। शहर के छह मेधावियों को कस्टम में प्रिवेंटिव ऑफिसर और सीबीडीटी (केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड) में टैक्स असिस्टेंट के पद पर नियुकि्त मिलेगी। सरसौल के किसान रामेंद्र सिंह राठौर के बेटे सत्यम सिंह राठौर का सेलेक्शन टैक्स असिस्टेेंट के लिए हुआ है। सत्यम की पढ़ाई-लिखाई कठिन परिस्थितियोें में हुई है। वहीं, नि:शक्त पूजा यादव ने भी बाजी मारी है। पोलियो की वजह से नि:शक्त हुईं पूजा को डिवीजनल एकाउंटेंट कैग के पद पर तैनाती मिलेगी। कानपुर में रहकर पढ़ाई-लिखाई करने वाली शांति कॉलोनी इटावा निवासी पूजा के पिता महावीर सिंह यादव यातायात पुलिस में हैं। वह कानपुर देहात में तैनात हैं। मां शीला देवी हाउस वाइफ हैं। विकलांगता को कमजोरी न मानने वाली पूजा का इरादा अब पीसीएस की परीक्षा क्रैक करना है।