कानपुर यूनिवर्सिटी की परीक्षा समिति से पहले ही परीक्षा केंद्र बदलने का विरोध शुरू हो गया। इसी सिलसिले में निजी डिग्री कॉलेज संचालकों ने बुधवार को पुरुषोत्तम श्रीराम पीजी कॉलेज और श्रीराम विधि पीजी कॉलेज घाटमपुर में मीटिंग बुलाई है। इसमें सीएसजेएमयू से संबद्ध स्व वित्तपोषित महाविद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मोहर सिंह यादव और महामंत्री डॉ. विनय त्रिवेदी को भी आमंत्रित किया गया है। हरदोई के आदित्य सिंह बटेश्वर दयाल मेमोरियल पीजी कॉलेज में भी मीटिंग होगी। इसमें सेंटर बदलने का विरोध किया जाएगा। साथ ही कुलपति से मिलकर स्टूडेंटों की समस्याएं बताई जाएंगी। बताते चलें कि परीक्षा समिति की मीटिंग सात फरवरी को बुलाई गई है। इसमें निजी डिग्री कॉलेज के परीक्षा केंद्र बदलने पर फैसला हो सकता है।