कानपुर। पीडब्ल्यूडी बिना अनुमति सड़कें खोदने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएगा। मुख्य अभियंता ने सभी अधिशासी अभियंताओं से जल निगम, सीएंडडीएस, केस्को आदि विभागों की तरफ से खोदी गई सड़कों की रिपोर्ट तलब की है। अन्य टूटी सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं।
पीडब्ल्यूडी कानपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता रविदत्त ने बताया कि सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि यदि कोई विभाग बिना अनुमति लिए सड़क खोदे तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। जल निगम, सीएंडडीएस सहित अन्य विभागों की तरफ खोदी गई सड़कों, उनकी मौजूदा स्थिति की रिपोर्ट तलब की है। 16 या 17 मार्च को बैठक बुलाकर समीक्षा की जाएगी। अन्य सड़कें विभागीय स्तर पर ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।
जल निगम की निर्माण इकाई सीएंडडीएस ने डेढ़ महीने पहले काकादेव में देवकी चौराहे से छपेड़ा पुलिया रोड खोदकर सीवर लाइन बिछाई थी। सड़क चलने योग्य भी नहीं की। देवकी चौराहे से नीरक्षीर चौराहे तक निर्माणाधीन भूमिगत मेट्रो स्टेशन की वजह से यह सड़क बंद कर देवकी चौराहे से छपेड़ा पुलिया रोड की तरफ ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था पर सीएंडडीएस ने इस सड़क की हालत गांव की कच्ची सड़कों से भी बदतर कर दी।
इसी तरह, बर्रा में 15 दिन पहले बनी सचान चौराहा से शास्त्री चौक रोड को जल निगम ने दो दिन पहले फिर से खोदना शुरू कर दिया। इसी तरह, टाटमिल चौराहा स्थित पुलिस चौकी के पास जलकल विभाग ने एक हफ्ते पहले पीडब्ल्यूडी की चमाचम सड़क में गड्ढा खोदा था। मिट्टी से ही गड्ढा पाटकर सड़क समतल की थी। अब फिर से गड्ढा हो गया है। कालपी रोड के चार खंभा कुआं चौराहे पर 10 दिन पहले खोदा गया गड्ढा बंद नहीं किया गया और न ही सड़क समतल की गई।