संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर। दलेलपुरवा इलाके में फ्लैट दिलाने के नाम पर महिला ने 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी और धमकाने का आरोप लगा अवनीश दीक्षित, कमलेश फाइटर बिल्डरों समेत सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चमनगंज निवासी सायरा बानो ने दर्ज एफआईआर में बताया कि लाटूश रोड निवासी चांद खां, गुरुबत उल्ला पार्क डिप्टी पड़ाव निवासी वसीम खान ने 35 लाख रुपये कीमत का फ्लैट और बेसमेंट दिखाकर ठगी कर ली। जब रुपये मांगे तो आरोपियों ने अवनीश दीक्षित व कमलेश फाइटर की धमकी दी। चांद की पत्नी शबीना, दोनों पुत्र फैजान और फरहान, वसीम खान, कमलेश फाइटर व अन्य लोग घर आए और जान से मार डालने की धमकी दी। मेज पर बैग में रखे 25 हजार रुपये उठा ले गए। अनवरगंज इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर चांद खां, वसीम खान, अवनीश दीक्षित, कमलेश फाइटर, शबीना, फैजान, फरहान के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात, अपमानित करने और धमकाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
पीड़िता के अनुसार 11 जून 2025 को बेटी की शादी के लिए चांद से रुपये मांगे तो उसने किसी अहमद नाम के व्यक्ति से बात कराई। आरोप है, कि अहमद अनवरगंज थाने में कई साल तक कांस्टेबल रहे हैं। वर्तमान में अपने को लखनऊ में एसटीएफ का अफसर बताकर दबाव बना रहे हैं।