फर्रुखाबाद जिले में मेजर एसडी सिंह पीजी कॉलेज एवं हॉस्पिटल की प्रबंधक व नवाबगंज की निवर्तमान ब्लाक प्रमुख डॉ. अनीता रंजन समेत नौ लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनपर आपरेशन के बाद बच्चा गायब करने का आरोप है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव भरतपुर रसूलपुर निवासी गौतम ने मेजर एसडी सिंह पीजी कॉलेज एंड हॉस्पिटल की प्रबंधक व नवाबगंज की निवर्तमान ब्लाक प्रमुख डॉ. अनीता रंजन, बीएसए यादव, तीन अज्ञात डॉक्टर, दो-तीन सहयोगी स्टाफ के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसमें आरोप है कि 29 दिसंबर 2020 को पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई। 30 दिसंबर को तीन बजे मेजर एसडी सिंह पीजी कॉलेज एंड हॉस्पिटल बेवर रोड फतेहगढ़ में भर्ती कराया। डाक्टरों ने अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देखकर बताया कि दो बच्चे हैं। याची के मुताबिक ऑपरेशन के बाद जनरल वार्ड में शिफ्ट होने के दौरान पत्नी ने उसे एक बेटा और बेटी होने की जानकारी दी।
नर्स ने भी यही बताया। डॉक्टर ने बच्चों की हालत ठीक न होने पर मशीन में रख दिया। 3 जनवरी 2021 को डॉक्टरों ने पत्नी को बेटी दी, लेकिन आरोपियों ने बेटे को गायब कर दिया। बेटा मांगने पर उसके साथ अभद्रता की और अस्पताल से निकाल दिया। डॉ. अनीता रंजन सपा के पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. जितेंद्र यादव की पत्नी हैं। इन्हीं का मेडिकल कालेज है।