कन्नौज जिले में नवीन मंडी समिति के पास सड़क हादसे के बाद आगजनी और पथराव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घायल चौकी प्रभारी ने गुरुवार को 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस कार्रवाई के डर से अधिकांश ग्रामीण फरार हो गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो और फोटो से आरोपियों को चिह्नित कर जेल भेजा जाएगा। सदर कोतवाली के गांव सलेमपुर निवासी डीजे संचालक श्याम बिहारी उर्फ श्यामू (24) पुत्र छोटे लाल बुधवार रात करीब आठ बजे भाई अश्वनी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
इस दौरान सरायमीरा में मंडी समिति के सामने जीटी रोड पर मिर्जापुर डिपो की रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हेलमेट न होने से सिर से अधिक खून बहने से श्याम बिहारी की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद भी लोग शांत नहीं हुए। रोड पर रखे शव को टेंपो में रखने पर अराजकतत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव कर आगजनी शुरू कर दी। पथराव में मंडी समिति चौकी प्रभारी तरुण भदौरिया घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस दौरान कुछ लोगों ने सिपाहियों से शव छीन लिया। किसी तरह सिपाहियों ने शव को कब्जे में लिया। एसपी प्रशांत वर्मा, एएसपी विनोद कुमार, एसडीएम गौरव कुमार शुक्ला, सीओ सदर शिव प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ स्थिति पर काबू पाया। दूसरे दिन गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
घायल चौकी प्रभारी तरुण भदौरिया ने 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ आगजनी, पथराव कर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और धारा 188 के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला दर्ज होने के बाद कार्रवाई की दहशत से अधिकांश ग्रामीण गांव से फरार हो गए हैं। कोतवाल विकास राय ने बताया कि पुलिस के पास वीडियो और फोटो हैं। इनके आधार पर आरोपियों को पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
चहेतों को बचाने में जुटे कुछ नेता
पुलिस टीम पर हमले के मामले में राजनीतिक दखल भी देखा जा रहा है। चहेतों को बचाने के लिए कुछ नेता पुलिस अधिकारियों को फोन कर रहे हैं। यही कारण है कि पुलिस ने नामजद की जगह अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। फिलहाल कुछ भी स्पष्ट कहने से पुलिस अधिकारी बच रहे हैं।
बस चालक के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
मृतक श्याम बिहारी के पिता छोटे लाल ने मिर्जापुर डिपो की रोडवेज बस के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि चालक लापरवाही से तेज रफ्तार में बस को लहराते हुए चला रहा था। इस दौरान उसके बेटे की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बेटे की मौत हो गई।