इटावा जिले में एक नर्सिंग होम संचालक ने कथित तीन पत्रकारों के खिलाफ वसूली, लूट और धमकी की रिपोर्ट सदर कोतवाली में दर्ज कराई है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस कथित महिला पत्रकार की तलाश कर रही है।
सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि थाना वैदपुरा क्षेत्र के नगला बूधु निवासी दिनेश चंद्र का शहर के आईटीआई के पास सिद्धी नर्सिंग होम है। दिनेश के मुताबिक उन्होंने हास्पिटल का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग में ऑनलाइन आवेदन कर रखा है।
आरोप है कि तीन मार्च को एक महिला तीन लोगों के साथ आई। खुद को पत्रकार बताया और अस्पताल की बदनामी का हवाला देकर 30 हजार रुपये मांगे न देने पर धमका के चले गए। आरोपियों ने नौ मार्च को दिनेश चंद्र से एक लाख रुपये जबरदस्ती ले लिए।
पीड़ित ने इस घटना की जानकारी एसएसपी आकाश तोमर को दी। सीओ के मुताबिक एसएसपी के आदेश पर सदर कोतवाली में दिनेश की तहरीर पर तीन कथित पत्रकारों के खिलाफ धमकी, वसूली और लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।