यूपी के कानपुर में पुलिस ने 16 जनवरी को स्वरूप नगर निवासी आनंद खत्री के घर और शहर के तीन होटलों में छापेमारी करके 96.62 करोड़ के पुराने नोट बरामद किए थे। इस मामले में आनंद खत्री, मोहित ढींगरा, संतोष यादव, मनीष अग्रवाल और संजीव अग्रवाल समेत 16 लोग जेल में बंद हैं।
मनीष और संजीव को जीटी रोड स्थित होटल ब्लिस के कमरा नंबर 401 और 110 से पकड़ा गया था। इंद्रा नगर, कल्याणपुर निवासी होटल के मैनेजर राजेश कुमार के मुताबिक दोनों आरोपी 10 दिसंबर 2017 से 16 जनवरी 2018 (गिरफ्तारी के दिन) तक होटल में रहे थे।
उन्होंने और उनसे मिलने आने वालों ने होटल में खाना खाया और चाय - नाश्ता किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद दोनों के कमरों से एक-एक कंबल गायब था। वहीं, आरोपियों ने खाने और होटल में रहने का करीब चार लाख रुपये का भुगतान भी नहीं किया।
थानाध्यक्ष निर्मला कुमारी ने बताया कि मनीष और संजीव अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों कोलकाता के रहने वाले हैं। इस मामले में जल्द ही कोर्ट से आरोपियों की न्यायिक रिमांड ली जाएगी।