बांदा। कोर्ट के आदेश पर थाना पुलिस ने ग्राम पंचायत सचिव व एक अज्ञात के विरुद्ध घोखाधड़ी व जालसाजी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि सचिव ने लाभार्थी के किस्त का 1.20 लाख गलत तरीके से निकालकर हड़प कर लिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जरर के मजरा स्वामीदीन का पुरवा निवासी कुंता पत्नी राजू के नाम वित्त्तीय वर्ष 2022-23 में पीएम आवास आवंटित हुआ था। कुंता का आरोप है कि सचिव ने एक अन्य व्यक्ति के मकान का फोटो लगाकर उसका मकान पूर्ण दिखा दिया और आवास का पैसा 1.20 लाख दूसरे के खाते में डालकर निकाल लिया।
पीड़िता ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से की, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। धारा 156 (3) के तहत सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की फरियाद की। अदालत ने विभिन्न साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद गिरवां पुलिस को सचिव लवकुश कुमार द्विवेदी व एक अन्य के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए।
पुलिस ने आरोपी सचिव सहित दो के विरुद्ध धारा 419, 420, 467, 468, 471 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कर ली है। इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जाएगी।