कानपुर देहात/रूरा। परचून की दुकान में लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांवों में दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) लगाई गई है।
एकघरा गांव के अमरजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसके चचेरे भाई राजन उर्फ मानवेंद्र (24) गांव के संजय की दुकान में चीनी लेने गया था। वहां संजय से रुपये के लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस पर संजय ने अपने परिवारीजनों की मदद से राजन को दुकान के अंदर बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों से दुकान घिरी देख दमकल को सूचना दी गई थी। लोगों ने दुकान के अंदर फंसे राजन को किसी तरह से बाहर निकाला था। वह बुरी तरह से झुलस गया था। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हैलट भेज दिया गया था। वहां उसका उपचार चल रहा है। अमरजीत की तहरीर पर पुलिस ने दुकानदार संजय, धर्मेंद्र, रामू, सरवन, शिववीर और रामपाल के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमले के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष सैय्यद मोहम्मद अब्बास ने बताया कि आरोपी शिवबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गय है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।