अस्पताल में बंद हुई ऑक्सीजन की सप्लाई
- फोटो : अमर उजाला
व्यवस्था में सुधार के नाम पर बिजली कटौती की जद में मेडिकल कॉलेज भी आ गया। मेडिकल कॉलेज की बिजली गुल हुई, तो वेंटीलेटर के मरीज की जान पर बन आई। हाल यह हुआ कि परिजनों ने प्राइवेट ऑक्सीजन सिलिंडर लाकर मरीज को ऑक्सीजन दी, तब जाकर उसे सांसें मिल पाईं।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के हुसैनपुर धौंकल निवासी पवन कुमार सिंह (50) गंभीर रूप से बीमार चल रहे हैं। परिजन उनका उपचार एक प्राइवेट अस्पताल में करा रहे थे। वहां पवन वेंटीलेटर पर थे। परिजन पवन को हरदोई मेडिकल कॉलेज लाए और भर्ती करा दिया। इसी बीच गुरुवार को सुबह लगभग दस बजे बिजली की आपूर्ति ठप हो गई।
इसके चलते ऑक्सीजन प्लांट भी बंद हो गया। ऑक्सीजन न मिलने के कारण कुछ ही देर में पवन कुमार सिंह की हालत बिगड़ गई। इस पर पुत्र शिव पूजन ने चिकित्सकों से ऑक्सीजन की आपूर्ति कराने के लिए कहा, लेकिन चिकित्सकों ने व्यवस्था न होने की बात कही। इस पर शिव पूजन बाजार से 12 हजार रुपये की सिक्योरिटी और एक हजार रुपये किराए पर ऑक्सीजन का सिलिंडर लेकर आया।
इसी सिलिंडर से ऑक्सीजन की आपूर्ति पवन को दी गई और तब उन्हें कुछ देर बाद राहत मिली। हालांंकि सिलिंडर खत्म होने के बाद परिजन उसे लेकर किसी प्राइवेट अस्पताल में चले गए। पूरे मामले पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. आर्य देशदीपक ने कहा कि कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। मेडिकल कॉलेज नया बना है और उस हिसाब से लोड उठाने के लिए जनरेटर की व्यवस्था नहीं है।
पवन सिंह की हालत पहले से गंभीर थी और सुबह ही उन्हें रेफर किया गया था, लेकिन परिजन नहीं ले गए। किसी ने भी ऑक्सीजन सिलिंडर लाने के लिए नहीं कहा था, लेकिन उनका पुत्र ले आया। इस सबके बावजूद पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।