कानपुर। हैलट के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में महिला रोगी रीता (25) के मस्तिष्क से क्रिकेट की गेंद के आकार के दो ट्यूमर निकाले गए हैं। हॉस्पिटल के प्रभारी न्यूरो साइंसेस प्रमुख डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि ऐसी हाई रिस्क सर्जरी अस्पताल में पहली बार की गई है। रोगी के हृदय में छेद भी है। अब हृदय के इलाज के लिए रोगी को कार्डियोलॉजी शिफ्ट किया जाएगा।
डॉ. सिंह ने बताया कि अचलगंज उन्नाव की रहने वाली रोगी तीन सप्ताह पहले आई थी। उसके सिर में दर्द रहता था। सूंघने की शक्ति चली गई थी। धुंधला दिखता था। मानसिक स्थिति अस्थिर थी। सीटी, एमआरआई जांच कराने पर ट्यूमर पता चला। इस पर सर्जरी का निर्णय लिया गया। अन्य जांचें कराने पर पता चला कि हृदय में छेद भी है। ट्यूमर अंदर मस्तिष्क की नसों और तंत्रिकाओं को दबा रहे थे। उसकी अवस्था अर्द्ध बेहोशी वाली थी। ऑपरेशन के बाद रोगी स्वस्थ है। अब उसके हृदय का इलाज किया जाएगा। रोगी की सर्जरी डॉ. मनीष सिंह की देखरेख में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंकज कुमार और डॉ. आंचल दत्ता ने की। अनेस्थेटिस्ट डॉ. रचना वर्मा टीम में शामिल रहीं।