कानपुर। हैलट पुल पर रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अस्पताल के सामने तीन खुले कट में से दो पूरी तरह बंद करवा दिए। एक कट पर जेब्र क्रॉसिंग बनवाने के बाद इसी से आवागमन शुरू कराया गया है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर लागू इस व्यवस्था से शुक्रवार को जाम न लगने की वजह से राहगीरों के लिए राहत भरा दिन रहा। वहीं, मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस को टीएसआई श्यामसुंदर दौड़कर निकलवाते नजर आए। ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार सुबह से ही हैलट पुल से लेकर मोतीझील मार्ग पर दोनों लेन में सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाया। इस दौरान कइयों का चालान किया गया। टीएसआई श्यामसुंदर के नेतृत्व में पुलिसकर्मी घूमते रहे। जरा सा भी ऑटो या अन्य वाहनों के सड़क पर रुकने पर आगे बढ़ाते रहे।
.........
तिराहे और चौराहे के 100 मीटर तक वाहन न खड़े होने दें
कानपुर। डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन योजना के तहत हैलट, पोस्टमॉर्टम, कॉर्डियोलॉजी तक निरीक्षण किया। हैलट इमरजेंसी गेट से पुल तक फंसकर चलने वाले वाहनों की गति देखी। पता चला कि पीक ऑवर्स में तीमारदारों की संख्या बढ़ती है और वे लोग एक लेन से दूसरी लेन में जाते हैं। उन्होंने तिराहे और चौराहे के 100-100 मीटर की दूरी में तिपहिया वाहन न खड़े होने देने के निर्देश दिए। डीसीपी ने टीएसआई से नो पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान करने को कहा। कार्डियोलॉजी के सामने फुटपाथ पर खड़े होने वाले वाहनों को हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जरीब चौकी, टाटमिल, झकरकटी का निरीक्षण किया। ट्रैफिक कर्मियों से एंबुलेंस का सायरन सुनते ही तत्काल ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उसे पास कराने के लिए कहा। डीसीपी ने दुर्घटना बाहुल्य थाना क्षेत्र बर्रा, गोविंदनगर, नौबस्ता, हनुमंत विहार में ब्लैक स्पॉट पर प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए।