दादानगर में वन-वे का पहला दिन खट्टा-मीठा रहा। सुबह 8 बजे ही आठ-दस ट्रैफिक सिपाही, दो दरोगा और टीआई दादानगर पुल पर मुस्तैद थे। इन्होंने सीटीआई चौराहे, दादानगर पुल और फायर ब्रिगेड स्टेशन मोड़ पर मोर्चा संभालकर वन-वे शुरू कराया।
सीटीआई की ओर से दादानगर पुल होकर विजय नगर जाने वाले लोगों को तो वन-वे से बड़ा आराम रहा लेकिन विजय नगर से सीटीआई की ओर जाने वाला ट्रैफिक बार-बार क्रॉसिंग बंद होने से फंसता रहा। वहीं कल्याणपुर बगिया क्रांसिंग पर तैनात सिपाहियों को वन-वे के बारे में कोई जानकारी ही नहीं थी। यहां दोनों तरफ से वाहन चले।
सुबह 10 बजे का हाल
अचानक सीटीआई और विजय नगर चौराहे पर वाहनों की भीड़ बढ़ी। विजय नगर जाने वाले लोग तो डीएम और ट्रैफिक पुलिस को धन्यवाद देते नहीं थक रहे थे क्योकि उन्हें जाम का सामना नहीं करना पड़ रहा था, जबकि पुल के ठीक नीचे रेलवे क्रॉसिंग से होकर सीटीआई जाने वालों के लिए मुश्किल घड़ी थी, ट्रेनों के आवागमन से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की रफ्तार बार बार थम रही थी, जिससे जाम लगा रहा।
दोपहर दो बजे
दादानगर पुल पर आराम जैसे हालात दिखे, पुल पर वाहन फर्राटा भर रहे थे। वहीं, रेलवे क्रॉसिंग पर झांसी रूट की मालगाड़ी और यात्री ट्रेनों के गुजरने से जाम की स्थिति बनी रही। हर 15-20 मिनट में कोई न कोई ट्रेन गुजरने से वाहन रेंगते नजर आए। इससे राहगीरों को खासी दिक्कतें पैदा हुईं।
शाम पांच बजे
सीटीआई, विजय नगर और दादानगर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों की संख्या बढ़ गई। दादानगर पुल पर तो वाहन आराम से गुजरते रहे, लेकिन रेलवे क्रॉसिंग पर भीषण जाम लगा। दोपहिया वाहन चालकों के आगे निकलने की होड़ में जाम की स्थिति और विकराल हो गई। हालात यह हुए कि रात आठ बजे तक जाम हट नहीं पाया और विजय नगर तक जकड़ गया।
कल्याणपुर का कल्याण नहीं
एसपी ट्रैफिक ने सोमवार को कल्याणपुर पनकी और बगिया क्रॉसिंग पर वन वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का दावा किया था। ‘अमर उजाला’ ने दोनों स्थानों पर हकीकत परखी तो खुलासा हुआ कि व्यवस्था लागू होना तो दूर सिपाही को इस तरह की व्यवस्था की जानकारी तक नहीं है।
सीन-एक। सुबह 9:30 बजे
पनकी-कल्याणपुर क्रॉसिंग पर दोनों तरफ से वाहन आने-जाने के कारण जाम लगा। एक सिपाही जीटी रोड की तरफ कोने में खड़ा था। सिपाही से पूछा गया कि आज से तो वन वे लागू है। फिर दोनों तरफ से वाहन क्यों आने दे रहे हैं। जवाब मिला कि पब्लिक मान ही नहीं रही है। मैं अकेले कहां तक संभालू। फोर्स है नहीं और कर दिया वन वे।
सीन-दो। सुबह 9:40 बजे।
बगिया क्रॉसिंग पर सिपाही जगमोहन एक होमगार्ड के साथ ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभाले थे। यहां पर रोज की तरह दोनों तरफ से वाहन आ और जा रहे थे। सिपाही से कहा गया कि आज यहां वन वे व्यवस्था लागू होनी थी। सिर्फ बगिया की तरफ से ही वाहन आने थे।
यह सुन सिपाही ने कहा कि मुझे वन वे की बात मालूम नहीं है, आज ही ड्यूटी लगी है। सिपाही ने ट्रैफिक लाइन में फोन कर इस संबंध में जानकारी मांगी लेकिन वहां से भी कोई सही जानकारी नहीं मिली। वहीं एसपी ट्रैफिक ने दावा किया कि पहले दिन वन-वे की व्यवस्था लागू रही।