भाजपा ने मंगलवार को कानपुर देहात जनपद की चर्चित झींझक नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए राष्ट्रपति की भाभी, भतीजे की पत्नी और रिश्तेदार को दरकिनार कर सरोजनी कोरी को प्रत्याशी घोषित किया है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बनी असमंजस की स्थिति तो साफ हो गई लेकिन दीपा कोविंद के निर्दलीय दावेदारी करने से चुनावी सरगर्मी और दिलचस्प हो गई है।
सरोजनी कोरी को पार्टी ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है
भाजपा की प्रत्याशी सरोजनी कोरी
- फोटो : अमर उजाला
सपा और कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने झींझक नगरपालिका अध्यक्ष पद के उम्मीदवार की मंगलवार को घोषणा कर दी। सरोजनी कोरी को पार्टी ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। हालांकि, यहां से राष्ट्रपति की भाभी विद्यावती, भतीजे की पत्नी दीपा कोविंद और उनके बड़े भाई रामस्वरूप के साले की बेटी दीपमाला समेत नौ लोगों ने भाजपा से टिकट मांगा था। लंबे मंथन के बाद पार्टी ने अटकलों को विराम देते हुए सरोजनी को प्रत्याशी बनाया।
वहीं, टिकट न मिलने से राष्ट्रपति की भाभी और रिश्तेदार दीपमाला ने चुनाव मैदान में न उतरने का फैसला किया है। जबकि उनके भतीजे की पत्नी दीपा कोविंद ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात कही है। दीपा के पति पंकज कोविंद का कहना है कि भाजपा से टिकट न मिलने पर वह पत्नी दीपा को निर्दलीय चुनाव में उतारेंगे। 9 नवंबर को नामांकन दाखिल करेंगे। फिलहाल अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने मीरादेवी और सपा ने रमादेवी को प्रत्याशी बनाया है। जबकि, बसपा ने अब तक अपना पत्ता नहीं खोला है।