लक्ष्मीपत सिंहानिया हृदयरोग संस्थान (कॉर्डियोलॉजी) में उन्नाव से आए हार्ट पेशेंट और उसके होटल संचालक बेटे को ठेकेदार के आदमियों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हमले से मरीज के पैर में फ्रैक्चर हो गया।
पुलिस ने एक हमलावर को हिरासत में लिया है। ठेकेदार सहित नौ सफाई कर्मियों के खिलाफ बलवा, मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उन्नाव अचलगंज के आटा बंथर गांव में रहने वाले राम प्रसाद (50) सीने में तकलीफ के बाद बेटे अमित के साथ कार्डियोंलॉजी आए थे। अस्पताल के पीछे बने शौचालय के इस्तेमाल पर सफाई कर्मचारी अमित वाल्मीकि ने राम प्रसाद से पांच रुपये मांगे। रामप्रसाद ने सरकारी हॉस्पिटल का हवाला देते हुए रुपये देने से मना कर दिया।
इस पर सफाईकर्मी ने कॉलर पकड़ लिया। रामप्रसाद और अमित से मारपीट कर दी। विरोध पर ठेकेदार विष्णुकांत मिश्रा सहित आठ-दस सफाईकर्मी और पहुंच गए और लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटा। वे जान बचाने के लिए दौड़कर ओपीडी में घुसे तो वहां भी लात-घूसों से पीटा और बाहर खींच लाए।
स्वरूप नगर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग निकले। पुलिस ने आरोपी अमित को हिरासत में लिया है। रामप्रसाद की तहरीर पर ठेकेदार विष्णुकांत मिश्रा, नीरज शुक्ला, अमित वाल्मीकि, अनिल, दुर्गेश धानविक, रोहित, सोनू बिहारी, उमेश, किसान लाल सहित अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
होती है अवैध वसूली
हॉस्पिटल के शौचालय पूरी तरह से निशुल्क हैं। ठेकेदार अपने आदमी लगाकर दिन भर में हजारों रुपये की अवैध वसूली करता है।