बल्ली व भूमि पूजन करते रामलीला कमेटी के पदाधिकारी।
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। रविवार को कस्बा के रामलीला मैदान में भूमि व बल्ली पूजन किया गया। साथ ही रामलीला के लिए मैदान की सजावट का काम शुरू हो गया है।
श्रीआदर्श रामलीला कमेटी व्यापारिक मंडल झींझक के तत्वावधान में आयोजित 49वां रामलीला व दशहरा मेला महोत्सव के पूर्व रविवार को रामलीला मैदान में कमेटी के पदाधिकारियों की मौजूदगी में पंडित मोहन मिश्रा ने भूमि व बल्ली पूजन कराया। कमेटी के महामंत्री रामशंकर गुप्ता व विशेषाधिकारी संतोष त्रिपाठी ने बताया कि रामलीला 17 अक्तूबर से शुरू होगी और 26 अक्तूबर को समापन होगा। 25 अक्तूबर को दशहरा मेले का आयोजन, रावण, मेघनाथ व कुम्भकरण के पुतलों का दहन होगा। इस दौरान विमल शुक्ला, विक्रम सेंगर, छोटे पोरवाल, गुड्डू यादव, रंजन कुशवाहा, श्यामबाबू, मुरारी अग्निहोत्री, मोनू बजाज, दीपक मिश्रा, किशन, मोनू आदि मौजूद रहे।
दो सौ दर्शकों की मौजूदगी में होगी रामलीला
कोरोना गाइडलाइन के अनुसार ही रामलीला होगी। कमेटी के विशेषाधिकारी संतोष त्रिपाठी ने बताया कि रामलीला मैदान के प्रमुख गेट पर ऑटोमेटिक सैनिटाइजर मशीन लगाई जाएगी। गेट में घुसते दर्शक सैनिटाइज होंगे। मास्क लगाकर आना अनिवार्य होगा। दर्शकों के बैठने के लिए दो सौ कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। सौ कुर्सी पुरुष व सौ कुर्सी महिला दीर्घा में रहेंगी। सभी के बैठने के लिए सामाजिक दूरी के हिसाब से कुर्सियां रखवाई जाएंगी। रामलीला मैदान में दर्जनभर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। स्क्रीन पर पुलिस नजर रखेगी। लीला के दौरान ड्रोन कैमरे से नजर रखी जाएगी।