सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने पार्टी विरोधियों पर जमकर हमला बोला। कहा कि पार्टी से आधा कूड़ा साफ हो गया है। 11 मार्च के बाद बचा हुआ भी साफ कर दिया जाएगा। वह मंगलवार को इटावा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि जसवंतनगर में सीएम अखिलेश यादव की जनसभा की जरूरत नहीं है, क्योंकि वहां के सपा प्रत्याशी अपने आप में ही सक्षम हैं। उन्होंने इशारों ही इशारों में कहा कि हमारे परिजनों के आशीर्वाद से एक ही गांव के 50-50 लड़कों को नौकरी दी गई। पूरे जिले में कई गांव ऐसे हैं जहां परिवार के एक भी व्यक्ति को भी नौकरी नहीं मिली। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्होेंने अपनी ही पार्टी के नेता की ओर इशारा कर कहा कि जहां पर भी उनकी सभा होती है, वहां पहले ही जाकर जनता को धमकाया जाता है।
एक विधानसभा क्षेत्र में वोट मांगते है सपा का तो दूसरे क्षेत्र में जाकर बसपा के लिए वोट मांगते हैं। जनता सारी बात समझती है। मतदान के दिन सबको असलियत पता चल जाएगी। उन्होंने मतदाताओं को आश्वस्त किया कि जो भी आपको धमकाता है, उसका नाम लिखकर मुझे दें।
उन सभी को 11 मार्च के बाद जवाब दूंगा। प्रदेश में विकास कार्यों के मामले में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मिसाल कायम की है। सीएम की जनसभा में भीड़ देख भाजपा और बसपा की नींद उड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दोहरा चरित्र अपना रहे हैं।