होली मिलन समारोह में आए मेहमान
- फोटो : amar ujala
उद्योग नगरी कानपुर में होली मिलन समारोह का दौर जारी है। इसी कड़ी में वृंदावन अपार्टमेंट स्वरूप नगर में होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश अवस्थी की ओर से आयोजित इस होली मिलन में शहर की नामचीन हस्तियों ने शिरकत की। होली से जुड़े हुए गीत संगीत के बीच कई संस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
इस समारोह में प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री नीलिमा कटियार ने बतौर अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि होली का पर्व हमें द्वेष, ईर्ष्या और नफरत खत्म करने का संदेश देता है। यह सिखाता है कि हम सबको एकता की इस सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए और अपने शहर कानपुर, प्रदेश और देश को विकास के पथ पर ले जाने के लिए भरसक प्रयास करने के लिए प्रेरित करता है।
बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत मिश्रा अंटू, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, महापौर प्रमिला पांडे, पूर्व सांसद राजाराम पाल, विधानपरिषद सदस्य अरुण पाठक, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक इरफान सोलंकी, विधायक अमिताभ बाजपेई, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक उपेंद्र पासवान, पूर्व विधायक नीरज चतुर्वेदी और पूर्व सांसद राजा राम पाल आदि ने विशेष रूप से शिरकत की।