इंडियन टेलीविजन का सबसे फेमस कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेन्ज’ 9 साल बाद एक बार फिर दर्शकों को लोटपोट करने आ गया है। खास बात तो ये है कि शो में इस बार ‘कनपुरिया कॉमेडी’ का तड़का देखने को मिलेगा। लाफ्टर चैलेन्ज के इस नये शो से कॉमेडी के मेगा स्टार बनने वाले गजोधर भैय्या यानी राजू श्रीवास्तव के छोटे भाई दीपू श्रीवास्तव प्रतिभागी बनकर आ रहे हैं। शो के पहले ही एपिसोड में दीपू स्टेज पर होस्ट अक्षय कुमार के साथ कॉमेडी करते दिखाई देंगे।
विज्ञापन
शो के प्रोमो में अक्षय कुमार प्रेग्नेंट दिखाए गए हैं। खास बात ये है कि अक्षय के पेट में एक-दो नहीं बल्कि छह बच्चे एक साथ मस्ती कर रहे हैं। इतना ही नहीं इस प्रोमो का शीर्षक ‘अपना हीरो पेट से’ दिया गया है। ‘इंडिया तुझे हंसने की जरूररत नहीं क्या, बीवी से पिटता तू जोर-जोर, बॉस से ठुगता रोज-रोज, ट्रैफिक में फसके हुआ बोर-बोर, बैठे-बैठे कमर हुई तोड़-तोड़।’ कॉमेडी का बाप ला रहा है कॉमेडी के नए सुपरस्टार्स- इस टैग लाइन के साथ तकरीबन 9 साल बाद टेलीविजन पर कॉमेडी के सबसे बड़े शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेन्ज’ का 5 वां सीजन आ रहा है। शनिवार 30 सितंबर से इसका प्रसारण रात 8 बजे स्टार प्लस चैनल पर किया जाएगा। शो के जजेस अक्षय कुमार, मल्लिका दुआ, जाकिर खान और हुसैन दलाल होंगे। इस शो की एंकर होंगी बिग बॉस कंटेस्टिंट रह चुकीं एली अबराम।
शो के गेस्ट आर्टिस्ट और गार्जियन के रूप में आ रहे राजू
बड़े भाई राजू श्रीवास्तव के साथ कॉमेडियन दीपू श्रीवास्तव
दीपू श्रीवास्तव ने ‘अमर उजाला’ से खास बातचीत में कहा कि ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेन्ज उनके कॉमेडियन करियर का सबसे बड़ा शो है। नौ साल पहले भी वह इस शो के प्रतिभागी बन चुके हैं। इस शो ने इंडिया को बहुत बड़े-बड़े कॉमेडियन दिए हैं। बड़े भाई राजू श्रीवास्तव को इसी शो ने लोकप्रियता दिलाई। कपिल शर्मा, भारती सिंह, सुनील ग्रोवर, वीआईपी, एहसान कुरैशी जैसे तमाम कलाकारों की पहचान भी इसी शो की वजह से बन पाई है। दीपू ने बताया कि ये उनकी खुशकिस्मती है कि पहले ही शो में उनके साथ प्रतियोगी के गार्जियन के रूप में उनके बड़े भाई राजू श्रीवास्तव आ रहे हैं। यही नहीं राजू इस शो के बतौर गेस्ट आर्टिस्ट भी हैं।
सालों बाद साथ नजर आएंगे ‘खिलाड़ी’ और ‘अनाड़ी’
कॉमेडी सीन में दीपू श्रीवास्तव
दीपू ने बताया कि लाफ्ट चैलेन्ज शो के पहले एपिसोड में एक्टर अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ स्टेज पर होने का मुझे गर्व हासिल हुआ है। दोनों मेरे फेवरेट एक्टर रह चुके हैं। लंबे अर्से बाद दोनों एक्टर एक साथ नजर आएंगे। दोनों ने ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ फिल्म में साथ काम किया था और 1994 की इस फिल्म के टाइटल सॉन्ग पर दोनों कलाकारों का डांस देखकर हर कोई हैरान रह गया था। मैने ये फिल्म कई बार देखी दोनों जबरदस्त एक्टर हैं। सैफ अपनी आने वाली फिल्म शेफ का प्रमोशन करेंगे और कॉमेडी स्टाइल में अपने एक्सपीरियंस शेयर करेंगे।
कॉमेडियन दीपू श्रीवास्तव का प्रोफाइल
कॉमेडियन दीपू श्रीवास्तव
नाम: दीपू श्रीवास्तव
जन्म: 8 अप्रैल 1972 कानपुर किदवई नगर
पिता: स्वर्गीय रमेश चंद्र श्रीवास्तव उर्फ बलई काका (कवि, लेखक और कानपुर कलेक्ट्रेट से रिटायर्ड)
मां: स्वर्गीय सरस्वती श्रीवास्तव
भाई-बहन: छह भाई और एक बहन, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के सबसे छोटे भाई
करियर: बीस साल के कॉमेडियन करियर में 16 बॉलीवुड फिल्मों में काम किया, 13 देशों में 1400 से ज्यादा स्टेज शो
उपलब्धि: ‘भावनाओं को समझो’ फिल्म गिनीस बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉड में दर्ज हुई इसमें दीपू ने अहम रोल निभाया
बाकी के कॅामेडी शो को एक तरफ करते हुए इस शो में नई कॅामेडी और नए कॅामेडियन की पलटन दिखाई देगी। जो कि दर्शकों के लिए फ्रेश कंटेंट का काम करेगी। दीपू ने बताया कि इस शो में सोशल मीडिया पर कॉमेडी करते हुए वह दिखेंगे। पूरे हिन्दुस्तान से 45 लड़कों को ही इस शो के लिए सेलेक्ट किया गया है। सात हजार लोगों का ऑडिशन हुआ था। हर राज्य के अलग-अलग शहरों से एक से एक दिग्गज कॉमेडियन्स आये थे। इस शो के चारों सीजन सुपरहिट रहे हैं। यह टीवी का पहला ऐसा शो था जिसने कॅामेडियन के लिए एंटरटेनमेंट की दुनिया में खास जगह बनाई है। लाफ्टर चैंलेज के बाकी सीजन की तरह यह शो भी विजेता के नाम पर आकर खत्म हो जाएगा। यानी कि एक लिमिटेड एपिसोड होने के कारण दर्शक इस शो से आसानी से जुड़ सकते हैं। नये कॉमेडियन के लिए दीपू ने संदेश दिया है कि किसी दूसरे कॉमेडियन की नकल न उतारें। खुद को इस्टैबलिश करने की कोशिश करेंगे तो ही अच्छा रहेगा।