राजस्थान के राजसंमद का मामला अभी तक ठंडा भी नहीं हुअा था कि यूपी के महाेबा जिले में राजसमंद जैसी ही एक घटना देखने काे मिली। कुछ लाेगाें ने एक मजदूर काे पहले बेरहमी से पीटा अाैर फिर हत्याकर उसकी लाश काे कुएं में फेंक दिया। मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
महोबा थाना महोबकंठ के कोहनिया निवासी घासीराम कुशवाहा 32 पुत्र बच्चू कुशवाहा सोमवार की शाम कुछ लोगों के साथ घर से निकला था। मंगलवार की सुबह उसका शव पास के गांव मड़वारी के बाहर बने कुएं में पड़ा मिला। युवक के शरीर में चोट के निशान भी पाए गए। कुएं में लाश मिलने की सूचना से इलाके में हंडकंप मच गया।
माैके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकाला और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। मृतक की पत्नी हीरा ने थाना महोबकंठ में घटना की तहरीर देकर तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
तहरीर में बताया कि शाम को तीन लोग उसके पति को गुंडई के बल पर जबरन मजदूरी का काम कराने के लिए ले जा रहे थे जिसका उसने विरोध किया। लेकिन दबंग जान से मारने की धमकी देते हुए पति को अपने साथ ले गए। पत्नी ने कहा अाराेप लगाते हुये कहा कि दबंगों ने पहले पति के साथ मारपीट की और बाद में उसे कुएं में फेंककर मार डाला।
घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। थानाध्यक्ष महोबकंठ दिलीप मिश्रा का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।