कानपुर। बर्रा की 21 वर्षीय जिस युवती को सहेली ने खाटू श्याम दर्शन कराने के बहाने राजस्थान ले जाकर तीन लाख रुपये में बेच दिया था उसे पुलिस ने राजस्थान से खोज निकाला। युवती को तीन लाख रुपये में खरीदकर कोर्ट मैरिज का दावा करने वाले राजस्थानी युवक को पुलिस गिरफ्तार कर युवती के साथ शहर ले आई है। वहीं, युवती को गुमराह कर साथ ले जाने की फरार आरोपी सहेली रिया, उसके पति सुमित व एक अन्य की तलाश जारी है।
बर्रा निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के सागरपुरी में बेटी के बचपन की सहेली रिया पति सुमित पांडेय के साथ रहती है। आरोप है कि रिया व उसका पति साजिश के तहत 21 अप्रैल को बेटी को खाटू श्याम दर्शन के बहाने राजस्थान ले गए। वहां उन्होंने एक युवक से तीन लाख रुपये लेकर बेटी को उसे बेच दिया। इसके बाद युवक ने युवती से कोर्ट मैरिज कर ली।
महिला की शिकायत पर सक्रिय हुई बर्रा पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन खंगाली तो राजस्थान में मिली। पुलिस टीम ने राजस्थान के सीकर के आसाश गांव में दबिश दी। वहां से युवती को खोज निकाला। पुलिस की पूछताछ में मौके पर मिले युवक सुरेश प्रजापत ने उसकी पहचान अपनी पत्नी काजल के रूप में बताई।
पुलिस की पूछताछ में उसने कहा कि उसने रिया, सुमित और अभिनव बाजपेई उर्फ राज नामक युवक को तीन लाख रुपये देकर युवती को उनसे खरीदा है। इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम दोनों को शहर ले कर आ गई है जबकि मुख्य आरोपी दंपती व अभिनव बाजपेई का सुराग नहीं मिल सका। उनके मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ जा रहे हैं।
कोट:
युवती के बयान के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
बर्रा निवासी महिला ने बेटी के राजस्थान में बेचे जाने की बात कह रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती की सहेली, उसके पति और एक अन्य युवक को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने राजस्थान में दबिश देकर युवती को ढूंढ लिया है। उसे खरीदने के आरोपी राजस्थानी युवक को भी गिरफ्तार किया गया है। युवती का कलमबंद बयान कराया जाना है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें प्रयास कर रही हैं।
दीपेंद्र नाथ चौधरी, डीसीपी साउथ