रेलवे एक अप्रैल से यात्रियों को बड़ी सौगात देने जा रहा है। पहली ट्रेन लेट होने की वजह से यदि आपकी कनेक्टिंग ट्रेन छूटती है तो उसका पैसा वापस हो जाएगा। इसके लिए पहली ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के तीन घंटे के भीतर टिकट सरेंडर करना होगा। तब दूसरी ट्रेन की टिकट का पूरा पैसा वापस होगा, कोई चार्ज नहीं लगेगा।
अभी तक ऐसी सुविधा नहीं थी। पैसा तभी वापस होगा जब आपकी आगे की ट्रेन कनेक्टिंग होगी। कनेक्टिंग मतलब पहली ट्रेन से जिस स्टेशन पर आप उतरेंगे, उसी स्टेशन से आगे की ट्रेन होनी चाहिए।
इस नई सुविधा के तहत एक ही पीएनआर नंबर पर आपके दोनों टिकट होंगे। जैसे आपने पहली टिकट कानपुर से दिल्ली के लिए कराई और दूसरी टिकट दिल्ली से कहीं आगे की ली तो इन दोनों टिकटों का पीएनआर एक ही होगा।