जीआरपी व आरपीएफ की सतर्कता से सोमवार को कानपुर में इटावा के पास एक और बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। पेट्रोलिंग के दौरान इटावा स्टेशन से सरायभूपत स्टेशन तक अप-डाउन ट्रैक पर कई जगह सैकड़ों पेंड्राल क्लिप गायब मिले। इतना ही नहीं कई जगह सिग्नल प्रणाली की केबलें भी ट्रैक के किनारे पड़ी मिलीं। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।
सोमवार को आरपीएफ प्रभारी डीबी सिंह व जीआरपी इंस्पेक्टर यशपाल यादव ने दल के साथ इटावा से सरायभूपत स्टेशन के बीच ट्रैक की पेट्रोलिंग की तो कई जगह पर ट्रैक के स्लीपर टूटे मिले। सिग्नल केबलें भी खुली पाई गईं। कुछ प्वांइट तो ऐसे मिले, जहां पर खुले में ही ट्रैक के किनारे सिग्लन केबलों के ज्वांइट का गुच्छा बना हुआ था। आरपीएफ प्रभारी डीबी सिंह ने बताया कि ट्रैक पर सबसे ज्यादा गंभीर मामला पेंड्राल क्लिपों का न होना है। सरायभूपत स्टेशन से इटावा स्टेशन की ओर आने पर कांशीराम आवास कालोनी के निकट ट्रैक पर कई मीटर दूरी तक पेंड्राल क्लिप ही गायब हैं। वह इसकी जानकारी आरपीएफ कमांडेंट को भेजेंगे। जीआरपी भी उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराएगी। इसके साथ ही सिग्नल विभाग व पीडब्लूआई को भी यह रिपोर्ट भेजेंगे।