यूपी के इटावा जिले में अवध एक्सप्रेस में बुधवार रात दो यात्रियों के साथ लूट की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को जीआरपी आगरा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, सीओ जीआरपी रविकांत पाराशर ने इटावा स्टेशन व घटनास्थल का जायजा लिया साथ ही वारदात की जांच पड़ताल की। उन्होंने स्थानीय पुलिस का सहारा लेकर बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए जीआरपी को आदेश दिया। मुजफ्फरपुर से बांद्रा टर्मिनल को जाने वाली 19040 अप अवध एक्सप्रेस बुधवार रात को 1:49 बजे भरथना आउटर पर खड़ी हो गई।
जनरल बोगी में सवार प्रयागराज के कौरांव थाना ददियारपुर गांव के जयप्रकाश पुत्र राजाराम दुबे व कुशीनगर के गोविंद प्रजापति का बदमाश बैग लूटकर ले गए। दोनों ही यात्रियों ने घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। बाद में इटावा स्टेशन पर पहुंचकर जीआरपी थाने को प्रार्थना पत्र दिया। यात्रियों ने बताया कि वह सत्संग सुनने कोटा जा रहे थे। बैग में कपड़े और कुछ जरूरी दस्तावेज थे।
घटना की जांच चल रही है
इस मामले में शुक्रवार को जीआरपी के पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने भरथना रेलवे स्टेशन पर पश्चिमी सिग्नल पर पहुंचकर बारीकी से पड़ताल करते हुए अधीनस्थों से जानकारी हासिल की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जांच चल रही है। सर्विलांस, जहरखुरानी विंग, भरथना जीआरपी के अलावा इटावा व फफूंद जीआरपी की पांच टीमों को लगाया गया है। इस दौरान सीओ जीआरपी रविकांत पराशर, जीआरपी थाना प्रभारी रणवीर सिंह, दिनेश कुमार, भरथना चौकी इंचार्ज नेत्रपाल सिंह आदि पुलिस कर्मी मौजूद रहे। साथ ही एसएसपी संतोष मिश्रा से मुलाकात कर जीआरपी का सहयोग करने की बात कही।
अवध एक्सप्रेस में लूट की घटना को लेकर जीआरपी पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव बेहद गंभीर नजर आए। शायद यही वजह थी कि थाने का निरीक्षण करने के लिए 11 बजे आने वाले पुलिस अधीक्षक पौन घंटा पूर्व थाने पहुंचने पर पुलिस कर्मी हक्के-बक्के रह गए। आते ही उन्होंने थाने का और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
विशेष समय और स्पेशल ट्रेनों की चेकिंग होगी
निरीक्षण के दौरान उन्होंने टॉयलेट देखा। थाने की मरम्मत की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि समस्याओं को दूर किया जाएगा। थाने को रेलवे से टाईअप करके सुविधाओं को बेहतर बनाएंगे। एसपी अभिषेक यादव ने जहां पर लूट हुई है, वहां अंधेरा रहता है। ऐसी स्थिति विशेष रूप से आउटर पर चेकिंग की जरूरत है।
जीआरपी आगरा के एसपी ने कहा कि भरथना के पास जिस स्थान पर लूट की घटना हुई है। वह काफी संवेदनशील क्षेत्र है और पहले भी कई वारदातें हो चुकी हैं। ऐसी स्थिति में कौन-कौन से स्टेशन और प्वाइंट पर चेकिंग की जाए। कौन सी सीधी ट्रेन है। जनरल चेकिंग के अलावा स्पेशल समय पर भी चेकिंग की जाएगी।