कानपुर। सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेनों में यात्री सुविधाओं का आकलन करने के लिए चल रहा अभियान होली तक जारी रहेगा। यात्रियों से फीडबैक लिया जा रहा है कि यात्रा के दौरान उन्हें कोई असुविधा तो नहीं होती है।
वाणिज्यिक विभाग और टिकट चेकिंग टीम यात्रियों से ट्रेनों के शौचालय की सफाई, पैंट्रीकार की रेट लिस्ट, ओवरचार्जिंग, आराम से सीट मिलती है या नहीं, स्टाफ के व्यवहार सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी ले रही है। अभी तक कालिंदी एक्सप्रेस, कानपुर-फतेहपुर पैसेंजर, महानंदा, पूर्वा आदि ट्रेनों में चेकिंग की गई है। इस दौरान करीब 10 यात्रियों से फीडबैक लिया गया सबसे ज्यादा शिकायतें ओवरचार्जिंग, रेट लिस्ट ना होना, साफ-सफाई की आई हैं। शिकायतों और चेकिंग के दौरान मिली अनियमितताओं पर टीम ने पैंट्रीकार में गड़बड़ी, अनियंत्रित यात्रा, अनाधिकृत पानी की बोतलें बेचने जैसे मामलों में 28 हजार का जुर्माना लगाया गया है।
वर्जन
रेलवे की ओर से दी जा रही सुविधाओं का लाभ यात्रियों को मिल रहा है या नहीं, इसे जांचने के लिए यह अभियान चलाया गया है। इसके तहत दोषी पाए जाने पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है। -आशुतोष सिंह, निदेशक, कानपुर सेंट्रल स्टेशन