कानपुर देहात। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को बीते दिनों वृहद अभियान में लगाए गए पौधों की हरीतिमा एप पर जियोटैगिंग कराने की प्रगति की समीक्षा की गई। रेलवे विभाग फिसड्डी निकला। 1.40 लाख से अधिक लगाए गए पौधों में केवल पांच सौ पौधों की जियोटैगिंग मिली।
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला पौधरोपण, पर्यावरण, गंगा एवं जिला वेटलैंड समिति की संयुक्त बैठक हुई। पौधरोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रोपे गए पौधों की जियो टैगिंग, देखरेख व सिंचाई आदि की समीक्षा की गई। प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला ने बताया कि रेलवे विभाग ने 1,40,780 पौधे लगाए। इसमें से केवल 500 पौधों की जियोटैगिंग की गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने रोपे गए 18 हजार पौधों में 7297 पौधों की जियोटैगिंग पूरी कर ली है। परिवहन विभाग ने दो हजार लगाए पौधों में 11 सौ और पर्यावरण विभाग ने 3.17 लाख पौधों में से 1.85 लाख पौधों की जियोटैगिंग की है। राजस्व विभाग ने लगाए 1.37 लाख पौधों में अब तक 1.15 लाख पौधों की जियोटैगिंग कराई है।
खनन विभाग ने 19 हजार पौधों में से 15 हजार पौधों और उच्च शिक्षा विभाग ने लगाए 20 हजार पौधों में से 19372 पौधों की जियोटैगिंग की है। कुल 26 विभागों की ओर से 91.39 फीसदी जियोटैगिंग पूरी कर ली गई है। डीएम ने रोपे गए पौधों की नियमित निगरानी और अधिकतम जीवितता बनाए रखने के लिए समयबद्ध सिंचाई पर जोर दिया। उन्होंने कहा सभी विभाग जल्द जियोटैगिंग का कार्य पूर्ण करें। यहां ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान पांडु नदी जीर्णोद्धार से संबंधित कार्य कार्ययोजना के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाने को कहा। बैठक में सीडीओ विधान जायसवाल, सीएमओ डॉ. जयगोविंद, डीपीआरओ विकास पटेल, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।