झींझक (कानपुर देहात)। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर पटरी मरम्मत काम होने के चलते झींझक क्रासिंग पर आवागमन बंद किया गया है। क्रासिंग बंद होने के बावजूद पैदल और साइकिल सवार जानजोखिम में डालकर पटरी पार कर रहे हैं। सोमवार को जानकारी पर आरपीएफ ने लोगों का आवागमन बंद कराया।
झींझक रेलवे क्रासिंग पर रेल अधिकारियों ने पटरी मरम्मत का काम होने के कारण पांच से 10 अक्तूबर तक फाटक बंद की सूचना पूर्व में दे दी है। सोमवार सुबह रेल कर्मियों ने फाटक बंद कर पटरी मरम्मत व स्लीपर बदलने का काम शुरू किया। इसके कारण पूरे दिन फाटक बंद रहा। चौपहिया व अन्य वाहन करीब छह किलोमीटर का चक्कर काटकर परजनी फाटक से पार कर नहर पुल झींझक से निकाले गए। लेकिन साइकिल सवार व पैदल चलने वाले लोग जान-जोखिम में डालकर पटरी पार करते रहे। बाद में आरपीएफ ने साइकिल सवारों को फाटक पार करने से रोक दिया।
झींझक के कन्हैया गुप्ता, संदीप, लगरथा के अजय प्रताप, नसीरपुर के दीपक सिंह ने बताया कि उन लोगों का घर झींझक बाजार में है। घरेलू सामान खरीदने के लिए आए थे, लेकिन फाटक बंद होने से बिना सामान लिए ही वापस जाना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूआई झींझक के सियाराम बिंद ने बताया पांच दिनों तक सुबह 6 से शाम 6 बजे तक रेलवे फाटक बंद रहेगा। इसकी सूचना पहले दी जा चुकी है।